बेन में खरीफ के उन्नत बीज लेने उमड़े किसान, स्टॉक खत्म होने की कगार पर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। खरीफ मौसम की खेती को लेकर बेन प्रखंड के किसानों में इस बार खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सरकार द्वारा अनुदानित दर पर उपलब्ध कराए जा रहे उन्नत किस्म के खरीफ बीजों के वितरण केंद्रों पर किसानों की भीड़ लगातार उमड़ रही है। किसान समय पर बीज प्राप्त कर बेहतर उत्पादन की तैयारी में जुट गए हैं।
प्रखंड कृषि पदाधिकारी कृष्ण मुरारी एवं किसान सलाहकार देवनारायण ने बताया कि कृषि विभाग द्वारा उपलब्ध कराए गए धान सहित अन्य खरीफ फसलों के उन्नत बीजों का वितरण पारदर्शी तरीके से किया जा रहा है। किसानों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि किसानों की भारी मांग के कारण अब कुल उपलब्ध स्टॉक का केवल लगभग 10 प्रतिशत बीज ही बचा है। यदि इसी प्रकार किसानों की भीड़ बनी रही तो अगले एक-दो दिनों में पूरा स्टॉक समाप्त हो जाएगा। ऐसे में पात्र किसानों से जल्द बीज प्राप्त करने की अपील भी की गई है।
बीज लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि उन्नत किस्म के बीजों से फसल की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में उल्लेखनीय वृद्धि होती है। अच्छी पैदावार मिलने से किसानों की आय बढ़ती है और खेती अधिक लाभदायक बनती है। किसानों ने सरकार की इस योजना की सराहना करते हुए कहा कि समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज उपलब्ध होने से खेती की लागत कम होती है और बेहतर परिणाम मिलते हैं।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से वैज्ञानिक विधि से खेती करने, संतुलित मात्रा में उर्वरकों का उपयोग करने तथा विभाग द्वारा समय-समय पर दिए जाने वाले तकनीकी सुझावों का पालन करने की अपील की है। उनका कहना है कि उन्नत बीज और आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर किसान बेहतर उत्पादन के साथ अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बना सकते हैं।

Leave a Comment