नूरसराय (अपना नालंदा)। नूरसराय प्रखंड के सरदार पटेल स्टेडियम, चंडासी में आयोजित जोंटी स्मृति क्रिकेट सीजन-2 का भव्य शुभारंभ उत्साह और खेल भावना के बीच हुआ। उद्घाटन समारोह का फीता काटकर गांधीवादी नेता प्रेम जी, मुखिया संघ के प्रखंड अध्यक्ष एवं पपरनौसा पंचायत के मुखिया अमरेंद्र कुमार उर्फ पप्पू मुखिया, समाजसेवी एवं मुखिया प्रतिनिधि बबलू कुमार, पूर्व मुखिया अविनाश कुमार निराला तथा पैक्स अध्यक्ष मिथिलेश पासवान ने संयुक्त रूप से किया। उद्घाटन के अवसर पर खिलाड़ियों और दर्शकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
आयोजकों ने बताया कि टूर्नामेंट की विजेता टीम को 51 हजार रुपये तथा उपविजेता टीम को 25 हजार रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। प्रतियोगिता में क्षेत्र की कई मजबूत टीमें भाग ले रही हैं।

टूर्नामेंट का उद्घाटन मुकाबला बिहारशरीफ क्रिकेट क्लब और अहिरान रेजिमेंट क्रिकेट क्लब, अस्थावां के बीच खेला गया। टॉस जीतकर बिहारशरीफ की टीम ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए अहिरान रेजिमेंट ने निर्धारित 12 ओवरों में 9 विकेट के नुकसान पर 112 रन बनाए। टीम की ओर से कनौया ने मात्र 17 गेंदों में 43 रनों की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें चार गगनचुंबी छक्के और तीन चौके शामिल रहे।
113 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहारशरीफ क्रिकेट क्लब की शुरुआत बेहद खराब रही। अहिरान रेजिमेंट के तेज गेंदबाज पप्पू यादव ने पहले ही ओवर में हैट्रिक सहित चार विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। बिहारशरीफ की पूरी टीम 84 रन पर सिमट गई। टीम की ओर से मो. फरहान ने 26 तथा विकास यादव ने 22 रनों का योगदान दिया।
अहिरान रेजिमेंट की ओर से पप्पू यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए कुल 6 विकेट झटके, जबकि हर्षित कुणाल ने 3 विकेट अपने नाम किए। शानदार प्रदर्शन के लिए पप्पू यादव को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
टूर्नामेंट के सफल आयोजन में प्रेम कुमार और विकास पांडेय उर्फ बाबा की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मैच में अंपायरिंग की जिम्मेदारी रंजीत कुमार और साहिल कुमार ने निभाई, जबकि स्कोरर की भूमिका सौरव कुमार ने सफलतापूर्वक निभाई।
उद्घाटन मैच के साथ ही जोंटी स्मृति क्रिकेट सीजन-2 का रोमांचक सफर शुरू हो गया है। स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को आने वाले मुकाबलों में और भी कड़े एवं रोमांचक संघर्ष देखने की उम्मीद है।







