बहू को मारपीट कर घर से निकाला, पति-सास पर प्राथमिकी; बेन पुलिस ने तीन वारंटियों को भेजा जेल

Written by Sanjay Kumar

Published on:


सुधीर प्रसाद
बेन (अपना नालंदा)। बेन थाना क्षेत्र में घरेलू हिंसा का एक मामला सामने आया है। कृपागंज गांव की एक महिला ने अपने पति, सास और ननद पर मारपीट कर घर से निकाल देने का आरोप लगाते हुए बेन थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं दूसरी ओर पुलिस ने अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए तीन फरार वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
कृपागंज गांव निवासी गुड़िया देवी (35 वर्ष), पति अमर कुमार, ने बेन थाना में दिए आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी ननद रूबी देवी, पति राजेश राम, निवासी सोनवां मठिया (थाना इस्लामपुर), के बहकावे में आकर उनके पति ने उनके साथ मारपीट की। इसके बाद पति और सास ने मिलकर उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। पीड़िता ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाते हुए आरोपितों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
मामले की जानकारी देते हुए थानाध्यक्ष रविराज सिंह ने बताया कि महिला का आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में आरोप सही पाए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इधर, अपराधियों और फरार वारंटियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बेन पुलिस को एक और सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष रविराज सिंह के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी कंचन दास एवं पुलिस बल ने एकसारा गांव में घेराबंदी कर मुन्ना गोप और जयराम गोप (पिता- मुसाफिर यादव) को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसके अलावा पुलिस ने फरार वारंटी निरंजन राम, पिता हीरा राम, निवासी बुला बीघा (थाना बेन) को भी गुप्त सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी को पुलिस पदाधिकारी कंचन दास के सहयोग से पकड़कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
थानाध्यक्ष रविराज सिंह ने कहा कि थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी सतर्कता के साथ कार्रवाई कर रही है।

Leave a Comment