संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। अति पिछड़ा समाज के युवक राजन साहू की कथित रूप से पीट-पीटकर हत्या किए जाने के विरोध में रविवार को जिले में आक्रोश का माहौल देखने को मिला। श्री साहू परिवार एवं वैश्य एकता मंच के बैनर तले बड़ी संख्या में समाज के लोगों ने आक्रोश पदयात्रा निकालकर दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और त्वरित न्याय की मांग की।
यह पदयात्रा सहोखर से शुरू होकर सोहडीह स्थित मृतक राजन साहू के पैतृक आवास तक पहुंची। इस दौरान पदयात्रा में शामिल लोगों ने मृतक के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और दुख की इस घड़ी में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल की ओर से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहयोग राशि भी प्रदान की गई।
समाज के वरिष्ठ नेता अनिल कुमार अकेला ने कहा कि राजन साहू की हत्या अत्यंत दुखद और निंदनीय है। उन्होंने नालंदा के पुलिस अधीक्षक भारत सोनी से दूरभाष पर बातचीत कर मामले में शामिल सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष अनुसंधान तथा स्पीडी ट्रायल के माध्यम से दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलना चाहिए और किसी भी दोषी को कानून से बचने का अवसर नहीं मिलना चाहिए।
पीड़ित परिवार से मिलने के बाद आक्रोश पदयात्रा में शामिल प्रतिनिधिमंडल सोहसराय थाना पहुंचा, जहां थाना प्रभारी से मुलाकात कर मामले में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने का आग्रह किया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करे ताकि समाज में कानून के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे।
वैश्य एकता मंच के पदाधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यदि दोषियों के विरुद्ध शीघ्र और कठोर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन लोकतांत्रिक एवं शांतिपूर्ण तरीके से अपने आंदोलन को और तेज करेगा। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल एक परिवार के न्याय की नहीं, बल्कि समाज में कानून के शासन और आम नागरिकों की सुरक्षा से जुड़ा मुद्दा है।
आक्रोश पदयात्रा में अवधेश कुमार गुप्ता, मुकेश गुप्ता, विकास कुमार लड्डू, अरुण सैनी, दिनेश केसरिया, विनोद बरनवाल, लाल बहादुर शास्त्री, शैलेंद्र कुमार, राजेश गुप्ता, उमेश जी उर्फ करू जी, उमेश गुप्ता, अजय कुमार गुप्ता, चिंटू गुप्ता, शशि भूषण गुप्ता, प्रोफेसर संजय बरनवाल, किशोर साहू, दिलीप कुमार, ओम गुप्ता सहित बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य लोग एवं स्थानीय नागरिक शामिल हुए।
पदयात्रा के दौरान लोगों ने एक स्वर में मांग उठाई कि राजन साहू हत्याकांड के सभी दोषियों की जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कानून के अनुसार कड़ी सजा दिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
राजन साहू हत्याकांड पर फूटा जनाक्रोश, वैश्य एकता मंच ने निकाली आक्रोश पदयात्रा, दोषियों की गिरफ्तारी की मांग तेज
Written by Sanjay Kumar
Published on:







