“नूरसराय में अकीदत के साथ निकला ताजिया जुलूस, ‘या अली-या हुसैन’ के नारों से गूंजा इलाका”

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र में मुहर्रम का पर्व रविवार को पूरी श्रद्धा, अकीदत और आपसी सौहार्द के साथ शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुआ। नूरसराय, अंधना, चरुईपर, रसलपुर और अजयपुर सहित विभिन्न गांवों में परंपरागत तरीके से ताजिया जुलूस निकाले गए। पूरे दिन श्रद्धालुओं की भारी भागीदारी रही और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
नूरसराय के साहसराय से निकला मुख्य ताजिया जुलूस पारंपरिक मार्ग से होते हुए लोहरटोली, दयानगर, नूरसराय बाजार, बीचली बाजार, मेन रोड तथा लकड़ी मंडी का भ्रमण करता हुआ ईदगाह मैदान स्थित कर्बला पहुंचा, जहां धार्मिक परंपरा के अनुसार ताजिया का पहलाम किया गया। जुलूस के दौरान बड़ी संख्या में अकीदतमंद शामिल हुए और ढोल-नगाड़ों की गूंज के बीच युवाओं ने लाठी एवं पारंपरिक युद्ध कौशल का आकर्षक प्रदर्शन किया, जिसे देखने के लिए सड़क किनारे लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी।
पूरे जुलूस के दौरान “या अली” और “या हुसैन” के नारों से वातावरण गूंजता रहा। लोगों ने इमाम हुसैन की शहादत को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मुहर्रम के अवसर पर विभिन्न स्थानों पर सामाजिक सौहार्द और भाईचारे का भी संदेश दिया गया।
विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। अंचलाधिकारी दीपक कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी डॉ. जियाउल हक, थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, दारोगा धीरज कुमार सहित बड़ी संख्या में पुलिस पदाधिकारी और जवान पूरे जुलूस के दौरान तैनात रहे। अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों का लगातार निरीक्षण किया और जुलूस की गतिविधियों पर पैनी नजर बनाए रखी।
प्रशासन की मुस्तैदी, स्थानीय समिति के सहयोग और आम लोगों की समझदारी के कारण पूरे प्रखंड में मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन के सुरक्षा प्रबंधों की सराहना करते हुए कहा कि सभी समुदायों के सहयोग से पर्व पूरी गरिमा और शांति के साथ मनाया गया।

Leave a Comment