हरनौत में बंद घर पर चोरों का धावा, 8 ताले तोड़ 51.50 लाख की नकदी-जेवरात ले उड़े

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के हरनौत थाना क्षेत्र में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए करीब 51.50 लाख रुपये मूल्य की नकदी और जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे समेत कुल आठ ताले तोड़कर वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र के माधोपुर-सबनहुआ गांव निवासी अवधेन्द्र सिंह अपने परिवार के साथ कल्याण बिगहा स्थित अपनी बुआ के घर आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पूरी तरह बंद था। देर रात करीब 12 बजे जब वे वापस लौटे तो देखा कि मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। अंदर प्रवेश करने पर उनके होश उड़ गए। घर के दो कमरों सहित विभिन्न स्थानों पर लगे कुल आठ ताले टूटे पड़े थे और सामान बुरी तरह बिखरा हुआ था।


घटना की सूचना तत्काल डायल 112 पर दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ भी की तथा चोरी के तरीके को देखते हुए मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है।
गृहस्वामी के पुत्र सोमनाथ कुमार तथा शिक्षक रवि कुमार ने बताया कि चोरों ने घर में रखी अटैची, पेटी, संदूक, गोदरेज और बक्सों के ताले तोड़कर उनमें रखे कीमती सामान को निकाल लिया। चोरी के बाद सभी सामान को इधर-उधर फेंक दिया गया, जिससे पूरा घर अस्त-व्यस्त हो गया।
परिजनों के अनुसार, चोर करीब 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण अपने साथ ले गए। इनमें सोने का हार, चेन, अंगूठियां, कान की बाली, गहनों के सेट, झुमके, मांगटीका, बलिया, पायल समेत अन्य कीमती आभूषण शामिल हैं। इसके अलावा घर में रखे करीब 1.50 लाख रुपये नकद भी चोरी हो गए। कुल मिलाकर चोरी गए सामान की कीमत लगभग 51.50 लाख रुपये बताई जा रही है।
हरनौत थाना पुलिस ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ-साथ संदिग्ध लोगों की गतिविधियों की भी जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर चोरी में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave a Comment