अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती), बिहार, पटना द्वारा आयोजित सिपाही भर्ती प्रतियोगिता परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण संचालन को लेकर शनिवार को जहानाबाद जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आया। समाहरणालय परिसर स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों की ब्रीफिंग कर परीक्षा से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में जिला पदाधिकारी ने कहा कि सिपाही भर्ती परीक्षा युवाओं के भविष्य से जुड़ी महत्वपूर्ण परीक्षा है। ऐसे में इसकी पारदर्शिता, गोपनीयता और निष्पक्षता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी दंडाधिकारियों को निर्देश दिया कि परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता और ईमानदारी से निर्वहन करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही या नियमों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए सभी पुलिस पदाधिकारियों को परीक्षा केंद्रों एवं उसके आसपास कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा के दौरान असामाजिक तत्वों, फर्जी परीक्षार्थियों, दलालों अथवा कदाचार कराने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ तत्काल और कठोर कार्रवाई की जाएगी। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित की गई है ताकि परीक्षार्थियों को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
ब्रीफिंग के दौरान परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश, पहचान पत्रों की जांच, प्रतिबंधित सामग्री पर रोक, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण तथा आपात स्थिति से निपटने के संबंध में भी विस्तृत निर्देश दिए गए। अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, सदर, सीडीपीओ सदर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए पूरी तत्परता से कार्य करने का भरोसा दिलाया।







