आर संतोष भारती
कतरीसराय (अपना नालंदा)। कतरीसराय प्रखंड के सुंदरपुर गांव की होनहार बेटी सुरभि कुमारी के 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) प्रतियोगिता परीक्षा में ग्रामीण विकास पदाधिकारी (Rural Development Officer – RDO) पद पर चयनित होने पर गांव में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अस्थावां विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार ने उन्हें अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया, जबकि पूर्व प्रमुख धनंजय प्रसाद ने गुलदस्ता भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
समारोह को संबोधित करते हुए विधायक डॉ. जितेंद्र कुमार ने कहा कि सुरभि कुमारी की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि सुरभि की सफलता यह साबित करती है कि ग्रामीण परिवेश में रहने वाले प्रतिभाशाली छात्र-छात्राएं भी कठिन परिश्रम, दृढ़ संकल्प और आत्मविश्वास के बल पर बड़े से बड़ा लक्ष्य हासिल कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आज बेटियां शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर समाज की सोच बदल रही हैं और अन्य युवाओं के लिए प्रेरणा बन रही हैं।
पूर्व प्रमुख धनंजय प्रसाद ने कहा कि सुंदरपुर गांव की बेटी ने पूरे प्रखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि सुरभि की सफलता मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं का सम्मान समाज के अन्य विद्यार्थियों को भी आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने विश्वास जताया कि सुरभि ग्रामीण विकास पदाधिकारी के रूप में समाज और राज्य के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देंगी।
सम्मान समारोह में अपने संबोधन के दौरान सुरभि कुमारी ने अपनी सफलता का श्रेय अपने पिता और भाई को दिया। उन्होंने कहा कि परिवार के निरंतर सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। उन्होंने अपने शिक्षकों, शुभचिंतकों और सभी ग्रामीणों के प्रति भी आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनका स्नेह और विश्वास हमेशा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देता रहेगा।
समारोह में उपस्थित लोगों ने सुरभि कुमारी का जोरदार स्वागत किया और उनकी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। पूरे कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर जदयू प्रखंड अध्यक्ष रजनीश कुमार ‘मुन्ना’, पूर्व जिला परिषद सदस्य रणवीर सिंह, तपेंद्र प्रसाद सिंह, सुधीर कुमार, पंकज कुमार, संतोष यादव, रामप्रवेश कुमार, पवन पटेल, विकास कुमार, रंजीत कुमार, रंजय कुमार, रजनीश कुमार, मनीष पांडे, मौली कुमार यादव सहित अनेक गणमान्य लोग एवं सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने सुरभि कुमारी की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







