छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के जवान विनोद पासवान को नम आंखों से अंतिम विदाई, मंत्री श्रवण कुमार ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। नालंदा जिले के नूरसराय प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत राज डाईया के कुबड़ा बिगहा गांव के निवासी एवं छत्तीसगढ़ आर्म्ड फोर्स के जवान विनोद पासवान को गुरुवार को पूरे राजकीय सम्मान और भावभीनी श्रद्धांजलि के साथ अंतिम विदाई दी गई। जवान का 23 जून को ड्यूटी के दौरान हृदय गति रुकने से निधन हो गया था। उनका पार्थिव शरीर 25 जून को उनके पैतृक गांव कुबड़ा बिगहा पहुंचते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे।
इस दौरान बिहार सरकार के मंत्री श्रवण कुमार ने गांव पहुंचकर जवान के पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किया और उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। मंत्री ने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी तथा इस दुख की घड़ी में धैर्य और साहस बनाए रखने की अपील की। उनके साथ सांसद कौशलेंद्र कुमार ने भी दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि देश और समाज की सुरक्षा में पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों के जवानों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने कहा कि जवान अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करते हैं, तभी समाज में शांति और कानून-व्यवस्था कायम रहती है। उन्होंने दिवंगत विनोद पासवान को मेहनती, कर्तव्यनिष्ठ और अनुशासित जवान बताते हुए कहा कि उनका निधन पूरे नालंदा जिले और बिहार के लिए अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि वर्दी पहनकर देश और समाज की सुरक्षा करने वाले जवानों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। सरकार शोक संतप्त परिवार के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। मंत्री ने कहा कि विनोद पासवान का समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा।
सांसद कौशलेंद्र कुमार ने कहा कि जब जवान सीमाओं और संवेदनशील क्षेत्रों में मुस्तैदी से अपनी ड्यूटी निभाते हैं, तभी देश के नागरिक सुरक्षित और निश्चिंत होकर जीवन जी पाते हैं। उन्होंने दिवंगत जवान के योगदान को याद करते हुए कहा कि राष्ट्र उनके कर्तव्य और सेवा को हमेशा सम्मान के साथ याद रखेगा।
अंतिम संस्कार से पूर्व जवान को पुलिस बल द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। इस दौरान उपस्थित सभी लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत जवान को श्रद्धांजलि अर्पित की। पूरे वातावरण में गम और गर्व का अद्भुत संगम देखने को मिला। ग्रामीणों ने भी अपने वीर सपूत को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी, जिला प्रशासन के पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता राजेंद्र प्रसाद, प्रखंड अध्यक्ष राकेश कुमार, जिला प्रवक्ता डॉ. धनंजय कुमार देव, लोजपा (रा.) अध्यक्ष सतेंद्र मुकुट, सिक्कू मुखिया, चंद्रमणि पासवान, गुड्डू कुमार, शैलेन्द्र चौहान सहित अनेक जनप्रतिनिधि, समाजसेवी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी तथा शोक संतप्त परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।

Leave a Comment