विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सनातन धर्म विकास ट्रस्ट के तत्वावधान में बिहारशरीफ के रामचंद्रपुर स्थित प्रसिद्ध मां मंगला स्थान मंदिर के पुनर्निर्माण हेतु शिलान्यास एवं भूमि पूजन कार्यक्रम का आयोजन श्रद्धा और उत्साह के साथ किया गया। इस अवसर पर बिहारशरीफ विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. सुनील कुमार ने वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर भव्य बहुमंजिला मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, जनप्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने मंदिर निर्माण को धार्मिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण बताते हुए इस पुनीत कार्य में सहयोग देने का संकल्प लिया।
अपने संबोधन में विधायक डॉ. सुनील कुमार ने कहा कि उनका परिवार वर्षों से धार्मिक एवं सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भागीदारी निभाता रहा है। उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए वे भी जनसहयोग से सनातन धर्म की सेवा के लिए निरंतर कार्यरत रहेंगे। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सभी सनातन धर्मावलंबियों को अपनी संस्कृति, परंपरा और धार्मिक विरासत के संरक्षण के लिए आगे आने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि जब हम अपने धर्म और संस्कृति की रक्षा करेंगे, तभी हमारी आने वाली पीढ़ियां भी सुरक्षित और संस्कारित रह सकेंगी। धर्म केवल पूजा-पाठ का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को जोड़ने और नैतिक मूल्यों को मजबूत करने का आधार भी है। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि मंदिर निर्माण के इस महायज्ञ में सभी लोग अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें।
विधायक ने कहा कि पुनर्निर्माण के बाद मां मंगला स्थान मंदिर एक भव्य धार्मिक परिसर के रूप में विकसित होगा। यहां विभिन्न देवी-देवताओं की प्रतिमाएं स्थापित की जाएंगी तथा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह मंदिर भविष्य में पूरे क्षेत्र के लिए आस्था, श्रद्धा और आध्यात्मिक आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनेगा।
सनातन धर्म विकास ट्रस्ट के पदाधिकारियों ने बताया कि मंदिर निर्माण कार्य पूरी पारदर्शिता के साथ कराया जाएगा। श्रद्धालुओं एवं दानदाताओं के सहयोग के लिए क्यूआर कोड एवं बैंक चेक के माध्यम से राशि जमा करने की व्यवस्था की गई है, ताकि प्रत्येक सहयोग का स्पष्ट लेखा-जोखा रखा जा सके।
ट्रस्ट के सदस्यों ने बताया कि मां मंगला स्थान मंदिर के पुनर्निर्माण के बाद बिहारशरीफ एवं आसपास के अन्य जर्जर एवं पुनर्निर्माण योग्य मंदिरों के विकास की दिशा में भी कार्य किया जाएगा। इसका उद्देश्य धार्मिक स्थलों का संरक्षण एवं सनातन संस्कृति के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाना है।
कार्यक्रम में समाजसेवी एवं परविंदर इंटरप्राइजेज के निदेशक अरविंद कुमार सिन्हा, रजनीश कुमार, सुनील साव, राजकिशोर प्रसाद, अरुण देव साव, डॉ. श्याम बिहारी, डॉ. आलोक कुमार, डॉ. चंदेश्वर प्रसाद, डॉ. दीनानाथ वर्मा, डॉ. बालमुकुंद, डॉ. पवन भारती, डॉ. संध्या सिन्हा, अधिवक्ता दिनेश प्रसाद, प्रो. अमन कुमार, मंगला स्थान मंदिर समिति के अध्यक्ष प्रद्युम्न साव, पंकज कुमार, वार्ड पार्षद संतोष कुमार उर्फ गुलमली पासवान, पार्षद दिलीप यादव, अरविंद पटेल, शैलेन्द्र कुमार, डॉ. आशुतोष कुमार, अमरेश कुमार, राजू माहुरी, अमरकांत भारती, सोनू कुमार हिंदू, अमित शान सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान धार्मिक वातावरण बना रहा और श्रद्धालुओं ने मां मंगला के जयकारों के साथ मंदिर निर्माण कार्य के सफल एवं शीघ्र पूर्ण होने की कामना की।







