हरनौत नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का रोमांचक समापन, कुंदन-11 ने रेलवे क्वार्टर को 8 विकेट से हराकर जीता खिताब

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। प्रखंड मुख्यालय स्थित पशुचारा मैदान में आयोजित 18 दिवसीय नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को भव्य समापन हो गया। फाइनल मुकाबले में कुंदन-11 की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए रेलवे क्वार्टर टीम को 8 विकेट से पराजित कर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। मैच के दौरान खिलाड़ियों के शानदार खेल और दर्शकों के उत्साह ने पूरे मैदान का माहौल रोमांचक बना दिया।
टूर्नामेंट के समापन समारोह में हरनौत नगर पंचायत के मुख्य पार्षद प्रतिनिधि एवं आयोजन समिति के संयोजक धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। वहीं बस्ती पैक्स अध्यक्ष सह व्यापार मंडल अध्यक्ष दिलीप सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्य रौशन कुमार ने अतिथियों का अंगवस्त्र और माला पहनाकर स्वागत किया।
फाइनल मुकाबले में रेलवे क्वार्टर टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। टीम ने निर्धारित 14 ओवरों में 122 रन का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी कुंदन-11 की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए मात्र 6 ओवर में ही लक्ष्य हासिल कर लिया और 8 विकेट से शानदार जीत दर्ज की। कुंदन-11 के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और मैच को एकतरफा बना दिया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि धीरज कुमार उर्फ पल्लू सिंह ने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और भाईचारे का संदेश देता है। उन्होंने कहा कि 18 दिनों तक चले इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों और दर्शकों का उत्साह सराहनीय रहा। हार और जीत खेल का हिस्सा है, लेकिन खेल के माध्यम से जो सौहार्द और एकता का संदेश मिलता है, वही सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने अगले वर्ष और भी बड़े स्तर पर टूर्नामेंट आयोजित करने की घोषणा की।
समापन समारोह में विजेता एवं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को शील्ड, मेडल और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। टूर्नामेंट में प्रत्येक छक्के पर 501 रुपये का विशेष पुरस्कार भी दिया गया। फाइनल मैच में शानदार प्रदर्शन के लिए सतीश को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जबकि पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बाबा को मैन ऑफ द सीरीज का पुरस्कार मिला। इसके अलावा नीरज को सर्वश्रेष्ठ फील्डर, सन्नी राजपूत को सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज और बाबा को सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज के पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
यह टूर्नामेंट हरनौत नगर पंचायत टीम के तत्वावधान में आयोजित किया गया था। समापन समारोह में वार्ड पार्षद संजय कुमार, टिंकू कुमार, रिंकू पांडे, राजीव कुमार सहित आयोजन समिति के संरक्षक मंडल के सदस्य मनीष, रौशन, अमन, प्रिंस और रघुवीर समेत बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे। टूर्नामेंट के सफल आयोजन को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों ने आयोजन समिति की सराहना की।

Leave a Comment