छात्र समस्याओं पर अभाविप ने प्राचार्य का पुतला फूंका राजगीर

Written by Sanjay Kumar

Published on:

राजगीर (अपना नालंदा)। राजगीर स्थित सरकारी डिग्री कॉलेज में छात्रों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को प्राचार्य का पुतला दहन कर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। आंदोलन का नेतृत्व कॉलेज सह मंत्री मो. आमिर आलम, नगर मंत्री सुमंत कुमार एवं नगर सह मंत्री प्लाज़ा कुमारी ने किया।
प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने जूलॉजी, बॉटनी, उर्दू एवं संस्कृत विषयों में शिक्षकों की बहाली, पार्किंग शेड, खेल मैदान एवं खेल सामग्री की व्यवस्था, एनएसएस विशेष शिविर, स्वच्छता अभियान, छात्र-छात्राओं को विभागीय भटकाव से मुक्ति, गर्ल्स कॉमन रूम, सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, काउंटर शेड निर्माण, वार्षिक खेलकूद आयोजन, सेमेस्टर-4 इंटर्नशिप की जानकारी तथा एईसी, एसईसी एवं वीएसी की समुचित पढ़ाई जैसी मांगों को प्रमुखता से उठाया।
नगर मंत्री सुमंत कुमार ने कहा कि इन मांगों को लेकर पिछले कई वर्षों से कॉलेज एवं विश्वविद्यालय प्रशासन को ज्ञापन सौंपा जा रहा है, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन जारी रहेगा। कॉलेज सह मंत्री मो. आमिर आलम ने कहा कि प्रशासन ने जल्द कार्रवाई नहीं की तो आंदोलन और उग्र किया जाएगा।
नगर सह मंत्री प्लाज़ा कुमारी ने छात्राओं के लिए बुनियादी सुविधाओं की कमी पर चिंता जताई। जूलॉजी की छात्राएं कोमल कुमारी, आकांक्षा कुमारी और प्रीतिका सिन्हा ने विषय शिक्षकों की कमी का मुद्दा उठाया। वहीं सुनता कुमारी, प्रिया कुमारी और मुस्कान कुमारी ने खेल सुविधाओं के अभाव पर नाराजगी व्यक्त की।
मौके पर पूर्व प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य आकाश कापसीमे, गुलशन कुमार, आशिक कुमार, अश्विनी कुमार, अमित कुमार, रौशन कुमार, अनुराग राज सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Comment