संशोधित शुल्क के बावजूद ककोलत में उमड़ी पर्यटकों की भीड़, एक दिन में पहुंचे करीब सात हजार सैलानी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय वर्मा
नवादा (अपना नालंदा)। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल ककोलत जलप्रपात में प्रवेश एवं पार्किंग शुल्क की नई दरें लागू होने के बावजूद पर्यटकों का उत्साह कम नहीं हुआ। गुरुवार को बच्चों सहित लगभग सात हजार पर्यटक ककोलत पहुंचे और प्राकृतिक सौंदर्य के बीच जलप्रपात का आनंद लिया। टिकट काउंटर बंद होने तक कुल 6900 टिकटों की बिक्री दर्ज की गई।
एक दिन पूर्व जिला पदाधिकारी रवि प्रकाश, पुलिस अधीक्षक अभिनव धीमान तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी श्रेष्ठ कृष्णा ने संयुक्त रूप से ककोलत जलप्रपात का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान पार्किंग, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, यातायात नियंत्रण तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समीक्षा की गई थी। इसके बाद पर्यटकों की सुविधा, भीड़ प्रबंधन और पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए 21 मई 2026 से प्रवेश एवं पार्किंग शुल्क की संशोधित दरें लागू की गईं।


प्रशासन ने ककोलत में प्रतिदिन अधिकतम आठ हजार पर्यटकों के प्रवेश की सीमा निर्धारित की है। गुरुवार को निर्धारित सीमा से कम संख्या में पर्यटक पहुंचने के कारण भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह सामान्य एवं व्यवस्थित रही। पर्यटकों को कुंड में स्नान करने या अन्य गतिविधियों में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। कुंड क्षेत्र में एक समय में सीमित संख्या में ही पर्यटकों को प्रवेश दिया जा रहा है तथा भीड़ नियंत्रित रखने के लिए ठहराव की अवधि भी निर्धारित की गई है। अधिकारियों ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Comment