“हरनौत में अब टेंडर से होंगे सड़क-नाली के काम! रुके निर्माण कार्यों पर नगर पंचायत का बड़ा फैसला”

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र में लंबे समय से रुके सड़क और नाली निर्माण कार्यों को लेकर आम लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। नगर पंचायत के 19 वार्डों में कई जगहों पर विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, जिसके कारण लोगों को आने वाले बरसात के मौसम में भारी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। इसी बीच नगर पंचायत प्रशासन ने बड़ा निर्णय लेते हुए स्पष्ट किया है कि अब निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया के माध्यम से ही कराए जाएंगे।

जानकारी के अनुसार नगर पंचायत क्षेत्र में कई सप्ताह से सड़क निर्माण कार्य ठप पड़ा हुआ है। हालांकि अधिकांश वार्डों में सड़क और नाली निर्माण का कार्य पूरा कर लिया गया है, लेकिन कई मोहल्लों में अब भी काम अधूरा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बरसात शुरू होने से पहले निर्माण कार्य पूरा नहीं हुआ तो गलियों और सड़कों की स्थिति बेहद खराब हो जाएगी।

लोगों ने चिंता जताते हुए कहा कि बारिश के दौरान कीचड़ और जलजमाव के कारण यह समझना मुश्किल हो जाएगा कि सड़क पर कीचड़ है या कीचड़ में सड़क। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी।

उप मुख्य पार्षद प्रतिनिधि सुरेश सिंह ने बताया कि पहले 15 लाख रुपये से कम लागत वाली योजनाओं का कार्य सीधे विभागीय स्तर से आवंटित कर दिया जाता था। इससे निर्माण कार्य तेजी से पूरा हो जाता था और नगर पंचायत को सभी वार्डों में गली-नाली तथा सड़क निर्माण जैसी योजनाओं को समय पर पूरा करने में सुविधा मिलती थी।

उन्होंने कहा कि विभागीय कार्य प्रणाली के कारण विकास योजनाओं को शीघ्र पूरा करने में आसानी होती थी और बोर्ड से पारित अधिक से अधिक योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाया जा सकता था। लेकिन अब सरकार और विभागीय गाइडलाइन में बदलाव के बाद निर्माण कार्य टेंडर प्रक्रिया के तहत ही कराए जाएंगे।

सुरेश सिंह ने बताया कि विभागीय बैठकों में यह बात सामने आई कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लिए आवंटित राशि समय पर खर्च नहीं हो पा रही थी। इसी कारण अब सभी योजनाओं के लिए निविदा प्रक्रिया अनिवार्य कर दी गई है, ताकि तय समय सीमा के भीतर कार्य पूरा कराया जा सके और योजनाओं में पारदर्शिता बनी रहे।

वहीं नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी सौरभ सुमन ने भी स्वीकार किया कि कई वार्डों में सड़क निर्माण कार्य रुका हुआ है। उन्होंने कहा कि अब जल्द ही टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य दोबारा शुरू कराया जाएगा। प्रशासन की कोशिश है कि बरसात से पहले अधिक से अधिक अधूरे कार्यों को पूरा कर लिया जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।

नगर पंचायत के इस निर्णय के बाद लोगों को उम्मीद जगी है कि लंबे समय से रुके विकास कार्य जल्द गति पकड़ेंगे और वार्डों में सड़क तथा नाली निर्माण का काम पूरा हो सकेगा। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि टेंडर प्रक्रिया में तेजी लाई जाए ताकि बरसात से पहले लोगों को राहत मिल सके।

Leave a Comment