20 मई को दवा दुकानों पर लगेगा ताला! ऑनलाइन दवा बिक्री के खिलाफ इस्लामपुर के मेडिकल दुकानदारों का बड़ा ऐलान

Written by Sanjay Kumar

Published on:

मोहम्मद जियाउद्दीन
इस्लामपुर(अपना नालंदा)। ऑनलाइन दवा बिक्री के विरोध में इस्लामपुर प्रखंड के मेडिकल दुकानदार अब खुलकर मैदान में उतर आए हैं। ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर औषधि विक्रेता संघ, इस्लामपुर ने 20 मई को होने वाली राष्ट्रव्यापी हड़ताल का समर्थन करने की घोषणा की है। इसको लेकर इस्लामपुर नगर स्थित जानकी मैरिज हॉल में मेडिकल दुकानदारों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें बड़ी संख्या में दवा व्यवसायियों ने भाग लिया।
बैठक में उपस्थित दुकानदारों और संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि ऑनलाइन दवा बिक्री से मरीजों की सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया है। उनका कहना था कि दवाओं की बिक्री हमेशा डॉक्टर के पर्चे और प्रशिक्षित फार्मासिस्ट की निगरानी में होनी चाहिए, लेकिन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिना उचित सत्यापन के दवाओं की आपूर्ति की जा रही है। इससे नकली, प्रतिबंधित और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री बढ़ने की आशंका लगातार बनी हुई है।
संघ के नेताओं ने आरोप लगाया कि कई ऑनलाइन कंपनियां ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट तथा जीएसआर-817 के नियमों का उल्लंघन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कई मामलों में डॉक्टर के पर्चों का गलत इस्तेमाल किया जा रहा है। फर्जी प्रिस्क्रिप्शन के आधार पर दवाओं की आपूर्ति की जा रही है, जिससे मरीजों के स्वास्थ्य के साथ बड़ा खिलवाड़ हो सकता है।
बैठक में यह भी कहा गया कि ऑनलाइन दवा बिक्री के कारण मरीज और फार्मासिस्ट के बीच सीधा संवाद समाप्त होता जा रहा है। मेडिकल दुकानदारों का मानना है कि मरीजों को दवा के सही उपयोग, खुराक और सावधानियों की जानकारी फार्मासिस्ट द्वारा दी जाती है, लेकिन ऑनलाइन व्यवस्था में यह पूरी प्रक्रिया खत्म हो रही है। इससे दवाओं के गलत इस्तेमाल की संभावना बढ़ रही है।
संघ के सदस्यों ने एंटी-माइक्रोबियल रेजिस्टेंस यानी एएमआर को भी बड़ी चिंता बताया। उनका कहना था कि शेड्यूल H और H1 श्रेणी की दवाओं की अनियंत्रित ऑनलाइन बिक्री से एंटीबायोटिक दवाओं का दुरुपयोग बढ़ रहा है, जो भविष्य में गंभीर स्वास्थ्य संकट का कारण बन सकता है।
औषधि विक्रेता संघ ने सरकार से मांग की कि ऑनलाइन दवा बिक्री पर सख्त नियंत्रण लगाया जाए और मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्पष्ट एवं कठोर नियम लागू किए जाएं। साथ ही, स्थानीय मेडिकल दुकानदारों के रोजगार की रक्षा के लिए भी ठोस कदम उठाने की अपील की गई।
बैठक के अंत में संघ की ओर से सभी मेडिकल दुकानदारों से 20 मई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने की अपील की गई। संघ ने कहा कि यह आंदोलन केवल दुकानदारों के हित के लिए नहीं, बल्कि आम मरीजों की सुरक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को सुरक्षित रखने के लिए भी जरूरी है।
इस अवसर पर नरेश चौधरी, श्रीकांत पाण्डेय, अशोक कुमार, पिंटू कुमार, सरोज कुमार, देवेंद्र कुमार समेत बड़ी संख्या में मेडिकल दुकानदार मौजूद रहे।

Leave a Comment