वट सावित्री पूजा में उमड़ी महिलाओं की आस्था, बरगद वृक्ष की परिक्रमा कर मांगी पति की लंबी उम्र

Written by Sanjay Kumar

Published on:

थरथरी (अपना नालंदा)। प्रखंड बाजार सहित विभिन्न गांवों में शनिवार को वट सावित्री पूजा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाई गई। सुहागिन महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर अपने पति की लंबी आयु, सुख-समृद्धि और परिवार के कल्याण की कामना की। सुबह से ही प्रखंड के मंदिरों और बरगद के पेड़ों के नीचे महिलाओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। पूजा स्थलों पर धार्मिक माहौल बना रहा और वैदिक मंत्रोच्चार से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
महिलाएं पारंपरिक परिधानों और रंग-बिरंगी साड़ियों में सज-धजकर पूजा स्थल पहुंचीं। हाथों में पूजा की थाली, फल, फूल, दीप और कच्चा सूत लेकर महिलाओं ने विधि-विधान से वट वृक्ष की पूजा-अर्चना की। इसके बाद बरगद के पेड़ में कच्चा सूत्र बांधकर कई बार परिक्रमा की और पति की लंबी उम्र की प्रार्थना की।


पूजा के दौरान पुरोहित हेमंत भानु, बिहारी पाण्डेय, हरिओम पाण्डेय और अजय पाण्डेय ने महिलाओं को वट सावित्री व्रत की कथा सुनाई। पुरोहितों ने बताया कि पौराणिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने तप, व्रत और अटूट संकल्प से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। तभी से सुहागिन महिलाएं अखंड सौभाग्य और पति की रक्षा के लिए यह व्रत करती आ रही हैं।


पूजा को लेकर बाजारों में भी सुबह से चहल-पहल बनी रही। फल, पूजा सामग्री और साड़ी दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखी गई। गांवों में पूरे दिन धार्मिक और उत्सवी माहौल बना रहा।

Leave a Comment