दहेज उत्पीड़न और मारपीट से परेशान महिला ने एसपी से लगाई न्याय की गुहार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत नगर पंचायत क्षेत्र के बस्ती गांव निवासी एक महिला ने दहेज उत्पीड़न, मारपीट, मानसिक प्रताड़ना एवं ससुराल में प्रताड़ित किए जाने का आरोप लगाते हुए नालंदा पुलिस अधीक्षक को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता ने शुक्रवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर अपने और अपने बच्चों की सुरक्षा तथा न्याय की मांग की।

पीड़िता सुलेखा देवी, पिता टुनटुन साव, ने बताया कि उनकी शादी पांच वर्ष पूर्व हिन्दू रीति-रिवाज के अनुसार पटना जिले के पचरूखिया थाना क्षेत्र अंतर्गत उसफा गांव निवासी अशोक साव के पुत्र दीपक साव के साथ हुई थी। विवाह के समय मायके पक्ष की ओर से दो लाख रुपये नकद, दो ग्राम सोना सहित अन्य घरेलू सामान एवं उपहार दिए गए थे।

महिला का आरोप है कि शादी के कुछ महीने बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर पति दीपक साव, ससुर अशोक साव, सास ज्योति देवी, भैंसूर राजेश साव, ननद काजल, नंदोसी सन्नी तथा उसकी मां बबीता देवी द्वारा लगातार गाली-गलौज, मारपीट और मानसिक प्रताड़ना दी जाने लगी।

पीड़िता ने बताया कि विवाह के दौरान उनके दो पुत्र हुए, जिनमें दिव्यांश (3 वर्ष) और शिवांश (12 माह) शामिल हैं। उन्होंने कहा कि बड़ा बेटा दिव्यांश जन्म से ही हृदय संबंधी बीमारी से पीड़ित है और उसके दिल में छेद है। इसके बावजूद ससुराल पक्ष ने बच्चों सहित उन्हें घर से बाहर निकाल दिया। वर्तमान में वह पिछले छह महीनों से अपने मायके बस्ती गांव में रह रही हैं।

महिला ने अपने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि उनके पति दीपक साव का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है। इसी बात को लेकर परिवार में अक्सर विवाद होता था। उन्होंने बताया कि न्याय के लिए उन्होंने वन स्टॉप सेंटर, पचरूखिया थाना तथा पटना के अन्य संबंधित कार्यालयों में भी शिकायत दर्ज कराई थी।

इसके अलावा बिहारशरीफ स्थित महिला थाना बिहारशरीफ में 12 अप्रैल 2026 को शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसमें कांड संख्या 43/26 दर्ज है। पीड़िता का आरोप है कि एक माह बीत जाने के बावजूद अब तक उन्हें कोई न्याय नहीं मिला है।

सुलेखा देवी ने बताया कि बीते 4 मई को जब वह अपने दोनों बच्चों के साथ ससुराल पहुंची, तब पति, सास, ननद, नंदोसी और भैंसूर समेत अन्य लोगों ने उनके साथ मारपीट की और उन्हें घायल कर घर से बाहर निकाल दिया।

पीड़िता ने नालंदा पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनके बच्चों को सुरक्षा प्रदान करने की मांग की है।

Leave a Comment