जनहित की आवाज उठाने वाले समाजसेवी ने सुरक्षा की लगाई गुहार

Written by Sanjay Kumar

Published on:

नालंदा(अपना नालंदा)। जनसमस्याओं को लेकर लगातार आवाज उठाने वाले समाजसेवी राजेश कुमार गौतम ने सिलाव थाना में बीएनएसएस, 2023 की धारा 33 के तहत सनहा दर्ज कराने हेतु आवेदन दिया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि सिलाव बाईपास स्थित लंबे समय से बंद पड़े सार्वजनिक शौचालय की समस्या को लेकर अधिकारियों को आवेदन देने और सोशल मीडिया पर जनहित में मुद्दा उठाने के बाद उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं।
राजेश कुमार गौतम ने अपने आवेदन में कहा है कि नगर पंचायत अध्यक्षा जयलक्ष्मी देवी, उनके पति अनुज शुक्ला, देवर अभय शुक्ला तथा मायके पक्ष के भतीजा राजवर्धन द्वारा उन्हें व्हाट्सएप पर अभद्र भाषा, गाली-गलौज और धमकी दी जा रही है। इसके अलावा फेसबुक पर भी उनके खिलाफ आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणियां की जा रही हैं।
उन्होंने कहा कि सामाजिक मुद्दों को उठाने के कारण उन्हें मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। इन घटनाओं से उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है तथा परिवार के बीच भय और असुरक्षा का माहौल उत्पन्न हो गया है। समाजसेवी ने आशंका जताई कि भविष्य में उनके या उनके परिवार के साथ कोई अप्रिय घटना हो सकती है।
राजेश कुमार गौतम ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि यदि भविष्य में किसी प्रकार की घटना होती है तो संबंधित लोग उसके जिम्मेदार होंगे।

Leave a Comment