अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। जहानाबाद जिले में मादक द्रव्यों के अवैध व्यापार, तस्करी और दुरुपयोग पर रोक लगाने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। इसी कड़ी में जिला पदाधिकारी श्रीमती अलंकृता पाण्डेय की अध्यक्षता में एनसीओआरडी (नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन) की जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और जिले में नशे के अवैध कारोबार को रोकने के लिए चलाए जा रहे अभियानों एवं कार्यों की समीक्षा की गई।
बैठक के दौरान जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाने और समाज में स्वस्थ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध बिक्री तथा नशीली दवाओं के दुरुपयोग पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए और इस मामले में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में जिले की मेडिकल दुकानों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। जिला पदाधिकारी ने कहा कि सभी मेडिकल दुकानों की नियमित रूप से स्टॉक जांच की जाए, ताकि बिना वैध दस्तावेज या चिकित्सकीय पर्ची के नशीली दवाओं की बिक्री पर रोक लगाई जा सके। साथ ही अनियमितता पाए जाने पर संबंधित दुकानदारों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया।
सिविल सर्जन जहानाबाद को निर्देशित किया गया कि वे इस अभियान की नियमित निगरानी करें तथा समय-समय पर समीक्षा बैठक आयोजित कर कार्रवाई की प्रगति का आकलन करें। इसके अलावा पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, उत्पाद विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान चलाने का निर्देश दिया गया, ताकि जिले में नशे के अवैध नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।
बैठक में उपस्थित अधिकारियों ने जिले में चलाए जा रहे जागरूकता अभियानों की भी जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि स्कूलों, कॉलेजों और ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं।
जिला प्रशासन ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि कहीं मादक पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन या पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके और समाज को नशे के दुष्प्रभाव से बचाया जा सके।







