संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा कॉलेज में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर के सफल समापन पर प्रमाण पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शिविर में भाग लेने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र एवं एनएसएस टी-शर्ट प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, ऊर्जा और समाज सेवा के संकल्प से ओत-प्रोत रहा।
सात दिनों तक चले इस विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवकों ने विभिन्न सामाजिक एवं जागरूकता कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभाई। शिविर के अंतर्गत स्वच्छता अभियान, वृक्षारोपण, जागरूकता रैली, महिला सशक्तिकरण कार्यक्रम, डिजिटल साक्षरता अभियान, शिक्षा प्रोत्साहन गतिविधियाँ तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही एनएसएस द्वारा गोद लिए गए उपरौरा गांव में स्वयंसेवकों ने विद्यालय भ्रमण किया, ग्रामीणों से संवाद स्थापित किया तथा सामाजिक जागरूकता अभियान भी चलाया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज की प्राचार्या प्रो. सुनीता सिन्हा ने शिविर में भाग लेने वाले सभी स्वयंसेवकों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान प्राप्त प्रशिक्षण और अनुभवों को समाज के हित में आगे बढ़ाने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि यदि युवा वर्ग सेवा, समर्पण और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन के लिए आगे आए, तो सतत विकास के लक्ष्यों को सहजता से प्राप्त किया जा सकता है।
एनएसएस पदाधिकारी डॉ. बिनीत लाल ने कहा कि इस शिविर का उद्देश्य केवल सामाजिक गतिविधियों तक सीमित नहीं था, बल्कि छात्रों में नेतृत्व क्षमता, नागरिक कर्तव्य और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना भी था। उन्होंने बताया कि व्यावहारिक परियोजनाओं, ज्ञानवर्धक अतिथि व्याख्यानों और सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों को समाज के प्रति संवेदनशील बनाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम के दौरान सात दिवसीय शिविर में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों अदिति और कुंदन को “बेस्ट वालंटियर” के रूप में सम्मानित किया गया। मंच संचालन अनुष्का ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन अमाया राज ने प्रस्तुत किया।

इस अवसर पर स्वयंसेवकों रिया, अविनाश, प्रीति सुमन, मुस्कान, राहुल, निशांत, तेजस्वी और बिट्टू ने शिविर के अपने अनुभव साझा किए। सभी ने कहा कि वे एनएसएस के मूल उद्देश्य “नॉट मी बट यू” को अपने जीवन में आत्मसात करने का पूरा प्रयास करेंगे और समाज सेवा के कार्यों में निरंतर सक्रिय रहेंगे।
कार्यक्रम को राजनीति विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. श्रवण कुमार, शिक्षक डॉ. मनोज कुमार तथा भूगोल विभाग की डॉ. प्रीति रानी ने भी संबोधित किया। सभी वक्ताओं ने स्वयंसेवकों के कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।







