राजगीर (अपना नालंदा)। किशोरियों के समग्र स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर गुरुवार को राजगीर में एक महत्वपूर्ण जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। सागर संगम, राजगीर परिसर में बिहार वॉटर डेवलपमेंट सोसायटी सेवा केंद्र, कुर्जी पटना द्वारा संचालित ‘हमारी पाठशाला फेज-चार’ के अंतर्गत राजगीर एवं सिलाव क्षेत्र की किशोरियों के लिए दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों को शारीरिक, मानसिक एवं मासिक धर्म स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाना तथा उन्हें अपने अधिकारों और सुरक्षा संबंधी जानकारी प्रदान करना है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किशोरियों ने भाग लिया और विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों से जानकारी प्राप्त की।
कार्यक्रम का उद्घाटन सेवा केंद्र कुर्जी पटना के एडमिनिस्ट्रेटर संजय मिंज, राजगीर की समाजसेवी अनीता कुमारी गुप्ता, जिला स्तरीय प्रशिक्षक अंजनी कुमारी, परियोजना समन्वयक एलॉयसियस ओस्ता तथा टीम सुपरवाइजर साहिल राज ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर संजय मिंज ने कहा कि किशोरावस्था जीवन का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है, जहां अच्छे स्वास्थ्य की नींव रखी जाती है। उन्होंने कहा कि बच्चियां देश का भविष्य हैं, इसलिए उनका एनीमिया मुक्त होना, संतुलित पोषण प्राप्त करना तथा मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक रहना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ किशोरी ही स्वस्थ परिवार और समाज का निर्माण कर सकती है।
परियोजना समन्वयक एलॉयसियस ओस्ता ने प्रशिक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस प्रशिक्षण में किशोरियों को माहवारी के दौरान स्वच्छता, संतुलित आहार, आयरन की कमी से बचाव, मानसिक तनाव प्रबंधन तथा किशोरावस्था में होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों के बारे में जानकारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि समाज में फैली भ्रांतियों और संकोच को दूर कर किशोरियों को आत्मविश्वासी बनाना इस कार्यक्रम का प्रमुख उद्देश्य है।
महिला समाजसेवी अनीता कुमारी गुप्ता ने किशोरियों को सुरक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि हर लड़की को अपने शरीर, अधिकार और सुरक्षा के बारे में जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने गुड टच और बैड टच की जानकारी देते हुए कहा कि यदि कोई गलत तरीके से छुए तो तुरंत ‘ना’ कहें और भरोसेमंद व्यक्ति को इसकी जानकारी दें। उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा और घरेलू हिंसा के खिलाफ आवाज उठाने की अपील की। साथ ही उन्होंने किशोरियों को 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन एवं 181 महिला हेल्पलाइन के बारे में भी जानकारी दी।
प्रशिक्षक अंजनी कुमारी ने किशोरियों को स्वास्थ्य संबंधी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किशोरी स्वास्थ्य कार्यक्रम, साप्ताहिक आयरन फोलिक एसिड अनुपूरण योजना तथा सेनेटरी पैड वितरण योजना के लाभों को विस्तार से बताया। उन्होंने ‘चुप्पी तोड़ो, खुलकर बोलो’ का संदेश देते हुए कहा कि स्वास्थ्य से जुड़े विषयों पर संकोच नहीं करना चाहिए और समय पर सही जानकारी लेना जरूरी है।
कार्यक्रम के दौरान किशोरियों ने विभिन्न विषयों पर सवाल पूछे और विशेषज्ञों से खुलकर चर्चा की। प्रशिक्षण सत्र में स्वास्थ्य, पोषण, स्वच्छता और मानसिक स्वास्थ्य से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी साझा की गई।
मौके पर भीम पासवान, फिरोज कुमार, रूपा कुमारी, संगीता कुमारी, सुनीता कुमारी, किरण कुमारी सहित ‘हमारी पाठशाला फेज-चार’ से जुड़े शिक्षक एवं बड़ी संख्या में किशोरियां उपस्थित रहीं।
किशोरियों को मासिक स्वास्थ्य, सुरक्षा और अधिकारों की दी गई जानकारी
Written by Sanjay Kumar
Published on:







