तीरा गांव में गाड़ी हटाने को लेकर विवाद, स्कूल वाहन चालक से मारपीट

Written by Sanjay Kumar

Published on:

स्कूल वाहन का शीशा तोड़कर किया क्षतिग्रस्त, जान से मारने की धमकी का आरोप

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। चेरो ओपी क्षेत्र के तीरा गांव में बुधवार को गाड़ी हटाने को लेकर हुए मामूली विवाद में निजी स्कूल वाहन चालक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है। घटना में वाहन चालक घायल हो गया, वहीं स्कूल वाहन का शीशा भी तोड़ दिया गया।
घटना के संबंध में डाक बंगला रोड निवासी वाहन चालक प्रेम कुमार, पिता राम बच्चन यादव ने बताया कि वह बुधवार की दोपहर करीब 12:30 बजे स्कूल से बच्चों को लेकर तीरा गांव पहुंचे थे। इसी दौरान तीरा गांव निवासी मानिकचंद यादव के पुत्र सनोज यादव कृषि यंत्र टीलर लेकर वहां पहुंचे और स्कूल वाहन हटाने को लेकर विवाद करने लगे।
प्रेम कुमार के अनुसार, स्कूल वाहन सड़क किनारे खड़ा था। उन्होंने कुछ देर रुकने की बात कही, जिसके बाद सनोज यादव गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर लोहे के सिक्कड़ से मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया। आरोप है कि इसके बाद स्कूल वाहन का शीशा तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया गया तथा जान से मारने की धमकी भी दी गई।
घटना के बाद पीड़ित ने चेरो ओपी थाना में लिखित आवेदन देकर प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में चेरो ओपी प्रभारी रौशन कुमार ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आरोपी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Comment