मलिकपुर में चोरी की वारदातों से दहशत, एक ही घर तीसरी बार बना निशाना

Written by Sanjay Kumar

Published on:

राजेश कुमार गौतम
नालंदा (अपना नालंदा)।राजगीर थाना क्षेत्र के मलिकपुर गांव में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने ग्रामीणों की नींद उड़ा दी है। गांव में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। ताजा मामले में गांव निवासी एवं सरकारी शिक्षक अनुपम सिंह के घर में चोरों ने एक बार फिर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बताया जा रहा है कि बीते एक वर्ष के भीतर यह तीसरी बार है जब उनके घर को चोरों ने निशाना बनाया है, जबकि पिछले तीन महीनों में ही दूसरी बार चोरी की घटना हुई है।

घटना के संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि अनुपम सिंह अपने परिवार के साथ राजगीर में रहते हैं, जबकि मलिकपुर स्थित पैतृक घर में समय-समय पर आना-जाना होता है। इसी का फायदा उठाकर चोरों ने सुनियोजित तरीके से घर में प्रवेश किया। बताया जा रहा है कि देर रात चोर घर की छत पर चढ़ गए और सीढ़ी के रास्ते अंदर घुस गए। इसके बाद घर के मुख्य कमरों के दरवाजों का ताला तोड़ा गया।

चोरों ने घर में रखे तीन गोदरेज अलमारी को भी तोड़ डाला और पूरे घर का सामान अस्त-व्यस्त कर दिया। कमरे में कपड़े, बर्तन और अन्य सामान बिखरे पड़े मिले। ग्रामीणों के अनुसार चोर घर से सोने-चांदी के जेवरात, कीमती कपड़े, जरूरी दस्तावेज और नकदी समेत करीब पांच लाख रुपये मूल्य की संपत्ति लेकर फरार हो गए।

सुबह जब आसपास के लोगों और परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो इलाके में हड़कंप मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। घर की स्थिति देखकर लोग हैरान रह गए। ग्रामीणों ने बताया कि चोर काफी आराम से वारदात को अंजाम देकर फरार हुए, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि अपराधियों ने पहले से घर की गतिविधियों की पूरी रेकी की थी।

घटना की सूचना मिलने के बाद राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ भी की। हालांकि लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बावजूद अब तक किसी भी मामले का खुलासा नहीं होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि मलिकपुर गांव में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं, लेकिन पुलिस अब तक किसी भी गिरोह तक नहीं पहुंच सकी है। हर घटना के बाद पुलिस जांच और कार्रवाई का आश्वासन देती है, लेकिन परिणाम सामने नहीं आता। इससे अपराधियों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि गांव और आसपास के इलाकों में रात के समय पुलिस गश्ती पर्याप्त नहीं होने के कारण चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि यदि समय रहते सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो गांव में बड़ी आपराधिक घटनाएं भी हो सकती हैं।

ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने, संदिग्ध लोगों की निगरानी करने और चोरी की घटनाओं का जल्द खुलासा करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही वारदातों से गांव के लोग भय के साये में जीने को मजबूर हैं। कई परिवार अब रात में जागकर पहरा देने की बात कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने राजगीर थाना पुलिस से मांग की है कि इस मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए, ताकि गांव में लोगों का भरोसा कायम हो सके और बढ़ती चोरी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

Leave a Comment