अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा के जिला पदाधिकारी कुंदन कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय तकनीकी और गैर तकनीकी पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समन्वय समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, जनशिकायत निवारण, स्वास्थ्य, शिक्षा, आपदा प्रबंधन और विकास कार्यों की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” अभियान को प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को ग्राम पंचायत, थाना, अंचल, प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला स्तर के सभी सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान हेतु अधिकारी निर्धारित स्थल पर उपस्थित रहेंगे और शिकायतकर्ताओं से सम्मानपूर्वक मिलकर उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ निष्पादन सुनिश्चित करेंगे।
उन्होंने बताया कि आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायतवार सहयोग शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिले के सभी प्रखंडों में 19 मई 2026 को सहयोग शिविर लगाया जाएगा। लोग सहयोग हेल्पलाइन नंबर 1100 तथा सहयोग पोर्टल पर आवेदन कर सकेंगे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि संबंधित विभाग पंचायतवार प्राप्त आवेदनों का निष्पादन हर हाल में सुनिश्चित करें।
बैठक में डीएम ने अवैध खनन, भू-माफिया, पीडीएस दुकानों, आरटीपीएस काउंटरों तथा सरकारी कार्यालयों में बिचौलियों के माध्यम से हो रहे भ्रष्टाचार पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छापेमारी अभियान चलाकर अवैध गतिविधियों पर रोक लगाई जाए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया कि अल्ट्रासाउंड, सीटी स्कैन और एक्स-रे मशीनों को पूरी तरह चालू रखा जाए तथा खराब मशीनों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। मरीजों को अनावश्यक रेफर करने वाले मामलों की सूची उपलब्ध कराने और स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने का भी निर्देश दिया गया।
शिक्षा विभाग को सभी प्रखंडों में मॉडल स्कूल निर्माण हेतु प्रस्ताव भेजने को कहा गया। वहीं कृषि विभाग को आपदा से हुई फसल क्षति का शीघ्र आकलन कर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश मिला। अगलगी की घटनाओं को देखते हुए अग्निशमन दस्तों को अलर्ट मोड में रहने और त्वरित कार्रवाई करने को कहा गया।
डीएम ने प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना के तहत अधिक से अधिक लोगों तक सोलर सिस्टम पहुंचाने, बाढ़ पूर्व तटबंधों की मरम्मत कराने तथा सड़क दुर्घटना में मृतकों के परिजनों को अनुग्रह अनुदान राशि शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मलमास मेला 2026 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को समय पर दायित्व निर्वहन सुनिश्चित करने की चेतावनी दी।
बैठक में उप विकास आयुक्त, नगर आयुक्त, अपर समाहर्ता, सभी अनुमंडल पदाधिकारी, शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, आईसीडीएस समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से शामिल हुए।







