संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। रविवार को भारतीय रेड क्रॉस सोसाइटी द्वारा विस्तारित भवन श्रम कल्याण केंद्र मैदान में साप्ताहिक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जरूरतमंद एवं निसहाय लोगों को विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा स्वास्थ्य जांच एवं चिकित्सा परामर्श प्रदान किया गया।
शिविर का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना रहा। शिविर में जांच कराने पहुंचे लाभार्थियों ने रेड क्रॉस सोसाइटी की पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के निशुल्क शिविर आम लोगों के लिए काफी मददगार साबित हो रहे हैं। संस्था की ओर से बताया गया कि यह स्वास्थ्य जांच शिविर प्रत्येक रविवार को आयोजित किया जाता रहेगा।

शिविर में कुल 210 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। शिशु रोग विशेषज्ञ डॉ. नीतीश कुमार ने 30 मरीजों का उपचार किया, जबकि सर्जन डॉ. बालमुकुंद ने 20 लोगों की जांच की। नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अभिनव कुमार सिंह ने 70 मरीजों की आंखों की जांच की। वहीं फिजिशियन डॉ. वीरेंद्र कुमार, डॉ. अखिलेश कुमार एवं डॉ. उमेश कुमार सिन्हा ने संयुक्त रूप से 80 मरीजों का इलाज किया। दंत रोग विशेषज्ञ डॉ. स्मृति कुमारी सिन्हा ने 20 लोगों की जांच की तथा फिजियोथैरेपिस्ट डॉ. मोहम्मद शहजाद आलम ने 20 मरीजों को परामर्श दिया। होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. गौतम कुमार एवं डॉ. रितेश कुमार ने भी मरीजों की जांच कर आवश्यक सलाह दी। इसके अलावा 33 लोगों की मधुमेह जांच भी की गई।
शिविर के सफल संचालन में रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव राजेश कुमार, कोषाध्यक्ष अरविंद पंडित, कार्यकारिणी सदस्य मनोज कुमार, मोहम्मद अखलाक अहमद सहित कई आजीवन सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सदस्यों ने मरीजों के पंजीकरण, कतार प्रबंधन एवं अन्य व्यवस्थाओं को सुचारू रूप से संचालित किया। लोगों ने उनकी सेवा भावना एवं समर्पण की सराहना करते हुए इसे शिविर की सफलता का आधार बताया।







