ड्राइवर की बेटी मानसी ने मैट्रिक में नौवां स्थान पाकर बढ़ाया जहानाबाद का मान

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा घोषित मैट्रिक परीक्षा परिणाम में जहानाबाद जिले की बेटी मानसी कुमारी ने शानदार प्रदर्शन कर पूरे जिले का नाम रोशन किया है। घोसी प्रखंड के भरथु गांव की रहने वाली मानसी ने कड़ी मेहनत और लगन के बल पर पूरे बिहार में नौवां स्थान प्राप्त कर टॉप-टेन में अपनी जगह बनाई है।

मानसी कुमारी के पिता अवधेश उपाध्याय पेशे से ड्राइवर हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने अपनी बेटी की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। मानसी ने 500 अंकों में 448 अंक प्राप्त कर यह उपलब्धि हासिल की है। वह अपने ही गांव स्थित एमकेडी हाई स्कूल, भरथु की छात्रा रही है।
मानसी की इस सफलता से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिल रहा है और लोग एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर इस उपलब्धि का जश्न मना रहे हैं। गांव के लोगों का कहना है कि मानसी ने साबित कर दिया कि मेहनत और लगन से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

Bank employees to join nationwide strike on February 12 against new labor laws

मानसी की सफलता की खबर मिलते ही घोसी प्रखंड के विधायक ऋतुराज कुमार भी उसके घर पहुंचे और उसे शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि जहानाबाद कभी नरसंहार जैसी घटनाओं के कारण चर्चा में रहता था, लेकिन अब यहां के बच्चे शिक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि मानसी की सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी। विधायक ने मानसी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उसे आशीर्वाद और शुभकामनाएं दीं।

Leave a Comment