झामाडीह में भक्तिमय माहौल के बीच निकली भव्य कलश शोभा यात्रा

Written by Sanjay Kumar

Published on:

विजय प्रकाश उर्फ पिन्नू
नूरसराय (अपना नालंदा)। प्रखंड के अंधना पंचायत अंतर्गत झामाडीह गांव में धार्मिक उत्साह और आस्था के माहौल में सैकड़ों महिलाओं द्वारा भव्य कलश शोभा यात्रा निकाली गई। गाजे-बाजे, भक्ति गीतों और जयकारों के साथ निकली इस शोभा यात्रा से पूरे क्षेत्र का वातावरण भक्तिमय हो गया। कलश यात्रा कुंदी गांव स्थित सूर्य तालाब से जल भरकर प्रारंभ हुई। इसके बाद यात्रा कुंदी से रतनपुरा गांव होते हुए झामाडीह देवी स्थान तक पहुंची, जहां विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की गई।
कलश यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाएं सिर पर कलश लेकर भक्ति गीत गाते हुए आगे बढ़ रही थीं। महिलाएं श्रद्धा और उल्लास के साथ झूमती-नाचती हुई यात्रा में शामिल रहीं। वहीं बच्चे, बुजुर्ग और युवा भी जयकारे लगाते हुए इस धार्मिक आयोजन का हिस्सा बने। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भीड़ और जयकारों से वातावरण गूंजता रहा, जिससे गांव में उत्सव जैसा माहौल बन गया।
इस अवसर पर सुनील पांडेय ने कहा कि कलश शोभा यात्रा में शामिल होने से पुण्य की प्राप्ति होती है और घर में सुख-समृद्धि का वास होता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों से गांव में आपसी भाईचारा, एकता और अखंडता मजबूत होती है तथा हमारी आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं को भी संबल मिलता है।
कार्यक्रम में पिंटू कुमार, शशि कुमार, आकाश कुमार उर्फ चिक्कू, रौशन कुमार, विकास कुमार, शैलेश कुमार, मंटु कुमार, शैलेन्द्र पासवान, संतोष पासवान समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। आयोजन को लेकर ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया।
फोटो कैप्शन: झामाडीह गांव में निकाली गई भव्य कलश शोभा यात्रा में शामिल महिलाएं।

Leave a Comment