चंडी (अपना नालंदा)।चंडी थाना क्षेत्र के नरसंडा बाज़ार के मुख्य मार्ग पर मंगलवार की देर रात को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक Maruti Suzuki ब्रेज़ा कार में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे पूरे बाज़ार में अफ़रा-तफ़री का माहौल बन गया।कार चालक संतोष कुमार ने बताया कि वह Biharsharif से घर जाने के दौरान नरसंडा बाज़ार से दवा ख़रीद रहे थे। इसी दौरान अचानक कार से धुआँ निकलने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें उठने लगीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने लोगों से मदद माँगी।जानकारी के अनुसार, कार नगरनौसा थाना क्षेत्र के खपुरा गांव निवासी श्रवण कुमार की बताई जा रही है। बताया गया कि कार की उम्र क़रीब चार वर्ष ही थी। आग लगने की घटना के बाद बाज़ार में मौजूद लोगों में दहशत फैल गई और लोग इधर-उधर भागने लगे। स्थानीय लोगों ने बाल्टी और अन्य साधनों से आग बुझाने का प्रयास किया। वही सूचना मिलते ही अग्निशमन दल मौके पर पहुँचा और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक कार पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थी। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ, हालांकि वाहन को भारी नुकसान पहुँचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और तकनीकी खराबी या शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।
नरसंडा बाज़ार में मारुति ब्रेज़ा जलकर हुई राख, मचा अफ़रा-तफ़री
Written by Sanjay Kumar
Published on:







