गंगा बिगहा विद्यालय में बाल मेला आयोजित, बच्चों ने खेलों में दिखाया उत्साह

Written by Sanjay Kumar

Published on:

थरथरी (अपना नालंदा)। प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय गंगा बिगहा में गुरुवार को स्पोर्ट्स मीट सह बाल मेला का आयोजन उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया। कार्यक्रम में प्री-प्राइमरी, आंगनबाड़ी तथा कक्षा एक से तीन तक के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। उद्घाटन प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी पुष्पा कुमारी, लेखापाल संजीव कुमार तथा समन्वयक मो. इंतियाज हुसैन ने संयुक्त रूप से किया।
बाल मेले के अंतर्गत बच्चों के बीच चम्मच दौड़, मटका दौड़, म्यूजिकल चेयर, गीत-संगीत तथा वाद-विवाद जैसी विभिन्न प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। छोटे-छोटे बच्चों ने खेलकूद और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में उपस्थित अभिभावकों और ग्रामीणों ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए तालियों से उनका हौसला बढ़ाया।
इस अवसर पर बीईओ पुष्पा कुमारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और रचनात्मकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे बच्चों का आत्मविश्वास बढ़ता है और वे पढ़ाई के साथ-साथ व्यवहारिक ज्ञान भी सीखते हैं। उन्होंने बताया कि बाल मेले विद्यालय और समुदाय के बीच संबंध मजबूत करने का भी सशक्त माध्यम हैं।
प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान के अनुसार पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में एचएम रौशन कुमार, शिक्षक राजीव कुमार, सचिव सरिता देवी, सेविका शोभा कुमारी, शिक्षक सुमन कुमार, मो. शाएक आलम, रंजीत कुमार चौधरी सहित प्रशिक्षु छात्र-छात्राएं तथा कई अभिभावक उपस्थित रहे।

Leave a Comment