जातीय जनगणना पर केंद्र के फैसले का युवा जदयू ने किया स्वागत, बिहारशरीफ में मनाया जश्न

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अपना नालंदा संवाददाता
बिहारशरीफ । केंद्र सरकार द्वारा देशभर में जातीय जनगणना कराने के निर्णय का स्वागत करते हुए युवा जनता दल यूनाइटेड की नालंदा और बिहारशरीफ इकाइयों ने गुरुवार को अस्पताल चौक पर जोरदार जश्न मनाया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अबीर-गुलाल उड़ाए, एक-दूसरे को मिठाई खिलाई और ढोल-नगाड़ों के साथ खुशी का इजहार किया।

कार्यक्रम की अगुवाई युवा जदयू जिलाध्यक्ष धीरज पटेल और बिहारशरीफ नगर अध्यक्ष राहुल रंजन कुशवाहा ने की। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने जातीय जनगणना के फैसले को सामाजिक न्याय की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।

कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह महज आंकड़ों की गणना नहीं, बल्कि समाज के वंचित तबकों की पहचान, भागीदारी और अधिकारों की पुनर्स्थापना की प्रक्रिया है। नेताओं ने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की दूरदर्शिता को श्रेय देते हुए कहा कि बिहार पहला राज्य था, जिसने जातिगत सर्वेक्षण कर उसे सार्वजनिक किया और नीति निर्माण के लिए एक ठोस आधार तैयार किया।
युवा जदयू नेताओं ने कहा कि केंद्र सरकार का यह फैसला मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के ‘जातीय सर्वेक्षण मॉडल’ की राष्ट्रीय स्तर पर स्वीकृति और उनकी नीतिगत सोच की जीत है। अब नीतियां आंकड़ों के आधार पर बनेंगी और सभी वर्गों को उनका वास्तविक प्रतिनिधित्व मिलेगा।

कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने देश की सामाजिक संरचना को समझते हुए यह साहसिक फैसला लिया है। इससे लोकतंत्र में व्यापक और समावेशी प्रतिनिधित्व सुनिश्चित होगा।
कार्यक्रम के दौरान “जय सामाजिक न्याय”, “जय नीतीश कुमार” और “जय लोकतंत्र” जैसे नारों से माहौल गूंज उठा। कई कार्यकर्ता पारंपरिक परिधान में नजर आए और राहगीरों को भी मिठाइयाँ बांटकर अपनी खुशी साझा की।

Leave a Comment