हरनौत में 12 वर्षीय छात्र की दोनों आंख फोड़ने से फैला भारी आक्रोश

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरिओम कुमार
हरनौत (अपना नालंदा)। हरनौत थाना क्षेत्र के लोहरा गांव स्थित मुसहरी टोला से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां गांव के ही 12 वर्षीय छात्र सन्नी कुमार की दोनों आंखें फोड़ देने का मामला प्रकाश में आया है। इस अमानवीय घटना के सामने आने के बाद पूरे इलाके में भारी आक्रोश का माहौल है और ग्रामीण दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
ग्रामीणों के अनुसार सन्नी कुमार गांव के ही एक सरकारी विद्यालय में कक्षा आठवीं का छात्र है। उसके पिता श्रावण कुमार तांती मेहनत-मजदूरी कर होटल में काम करते हैं और उसी से अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सन्नी अपने परिवार में दो भाइयों और दो बहनों में सबसे बड़ा है।


परिजनों ने बताया कि लगभग पंद्रह दिन पहले सन्नी अपने छोटे भाई के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली सुग्गी देवी के बेटे साहिल को खेल-खेल में आंख में हल्की चोट लग गई थी। इस घटना के बाद से दोनों परिवारों के बीच तनाव और रंजिश की स्थिति बनी हुई थी।
आरोप है कि इसी रंजिश में 17 अप्रैल को सन्नी को अकेला पाकर सुग्गी देवी, उनके पति और अन्य लोगों ने मिलकर बच्चे के साथ बेरहमी से मारपीट की। मारपीट के दौरान उसकी दोनों आंखों को गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त कर दिया गया। घटना के बाद परिजनों ने गंभीर रूप से घायल सन्नी को तुरंत बिहारशरीफ के मॉडल अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर कर दिया।
पटना में चिकित्सकों ने जांच के बाद बताया कि बच्चे की आंखों को गंभीर नुकसान पहुंचा है और उसकी दृष्टि वापस आने की संभावना नहीं है। इसके बाद परिजन बच्चे को लेकर वापस गांव लौट आए। रविवार दोपहर जब परिजन सन्नी को लेकर घर पहुंचे तो उसकी हालत देखकर गांव में चीख-पुकार मच गई और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।
घटना की सूचना मिलने के बाद हरनौत थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर मुकेश कुमार वर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को शांत कराया। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। वहीं ग्रामीण दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Leave a Comment