गौतम स्कूल ऑफ मेडिकल एंड एलाइड साइंसेज में शान से लहराया गया तिरंगा, शहीदों के बलिदान को किया नमन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर गौतम स्कूल ऑफ मेडिकल एंड एलाइड साइंसेज, खुसरूपुर परिसर में देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव से ओत-प्रोत कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान गौतम ग्रुप के कार्यकारी सचिव हरे राम सिंह ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी। ध्वजारोहण के साथ ही पूरा परिसर राष्ट्रभक्ति के नारों और देशप्रेम की भावना से गूंज उठा।
ध्वजारोहण के उपरांत उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कार्यकारी सचिव हरे राम सिंह ने कहा कि देश की आजादी हमें सहज रूप से प्राप्त नहीं हुई है। इसके लिए असंख्य क्रांतिकारियों, वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों ने अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। उनके त्याग, संघर्ष और बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र भारत में सम्मान और स्वाभिमान के साथ जीवन जी रहे हैं।


उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं, बल्कि देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सपूतों को याद करने और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लेने का अवसर भी है। हम सभी को राष्ट्र की एकता, अखंडता, सम्मान और गौरव को बनाए रखने के लिए सदैव अपना योगदान देना चाहिए।
राष्ट्रध्वज के सम्मान में उन्होंने देशभक्ति की पंक्तियां प्रस्तुत करते हुए कहा—
“दे सलामी इस तिरंगे को, जिससे तेरी शान है,
सर हमेशा ऊंचा रखना इसका, जब तक दिल में जान है।”
कार्यक्रम में गौतम ग्रुप के कर्मियों के साथ-साथ स्थानीय लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। सभी ने तिरंगे के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान परिसर में देशभक्ति का माहौल बना रहा।

Leave a Comment