संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। बिहारशरीफ स्थित जिला अतिथि गृह के सभाकक्ष में मंगलवार को बिहार सरकार के नवनियुक्त पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र का भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश कुमार की मौजूदगी में संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सर्वांगीण विकास, सड़क निर्माण, जनहित एवं संगठन की मजबूती से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक को संबोधित करते हुए पथ निर्माण मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि किसी भी क्षेत्र का समग्र विकास केवल योजनाएं बना देने से संभव नहीं होता, बल्कि इसके लिए कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, निरंतर संवाद और जनसेवा के प्रति समर्पण की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की हर छोटी-बड़ी आवश्यकता पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को पूरी निष्ठा, प्रतिबद्धता एवं टीम भावना के साथ कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती, जनता का विश्वास और कार्यकर्ताओं का परिश्रम ही विकसित बिहार के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी शक्ति है। मंत्री ने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुनें और उसे सरकार तक पहुंचाने का कार्य करें, ताकि आम लोगों को समय पर समाधान मिल सके।

सड़क निर्माण एवं विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कुशल नेतृत्व में बिहार में सड़कों का व्यापक जाल बिछाया गया है। आज गांव-गांव तक सड़क संपर्क स्थापित हो चुका है, जिससे लोगों को आवागमन में काफी सुविधा मिली है। उन्होंने कहा कि अभी हाल ही में उन्होंने मंत्री पद का कार्यभार संभाला है और शीघ्र ही विभागीय स्तर पर सभी सड़कों की समीक्षा की जाएगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन सड़कों का निर्माण अधूरा है अथवा जो सड़कें जर्जर एवं टूटी-फूटी स्थिति में हैं, उनके निर्माण एवं मरम्मत का कार्य प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि सड़कों की गुणवत्ता एवं निर्माण कार्यों में तेजी लाना उनकी प्राथमिकता है, ताकि जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
बैठक के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री ई. कुमार शैलेन्द्र का अंगवस्त्र, माला, बुके, पुष्प एवं स्मृति चिन्ह देकर गर्मजोशी के साथ स्वागत किया गया। मंत्री ने भी उपस्थित कार्यकर्ताओं से परिचय प्राप्त करते हुए उनका कुशलक्षेम जाना तथा उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने जनसेवा से जुड़े कार्यों के लिए अपना मोबाइल नंबर भी कार्यकर्ताओं को उपलब्ध कराया और कहा कि जनता की समस्याओं के समाधान हेतु वे सदैव तत्पर रहेंगे।
इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश्वर प्रसाद सिंह, जिला उपाध्यक्ष अरविंद पटेल, नीरज कुमार डब्ल्यू, साबो देवी, जिला महामंत्री शिवरतन प्रसाद, जिला मंत्री अमरेश कुमार, जिला मीडिया प्रभारी धीरेंद्र रंजन, कार्यालय मंत्री गोपाल कुमार, जिला प्रोटोकॉल प्रभारी अमित गौरव, सोनू कुमार हिंदू, अनुग्रह नारायण, महिला मोर्चा से डॉ. रेणु देवी, नगर अध्यक्ष संदीप कुमार, अविनाश कुमार, शशिकला सिन्हा, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विकास कुमार, अनुसूचित जाति मोर्चा जिलाध्यक्ष मणिकांत पासवान सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







