अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। श्रावणी मेले के अवसर पर सुल्तानगंज से बैजनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालु कांवरियों की सेवा के उद्देश्य से बैजनाथ निर्माण इंडिया प्राइवेट लिमिटेड द्वारा ग्राम बैधपुर स्थित कांवरिया पथ के 24वें किलोमीटर पर भव्य निःशुल्क सेवा शिविर का शुभारंभ किया गया। शिविर का विधिवत उद्घाटन तारापुर के पूर्व विधायक राजीव कुमार सिंह तथा जदयू नेता सह बैजनाथ निर्माण इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक निरंजन केशव प्रिंस ने संयुक्त रूप से फीता काटकर एवं नारियल फोड़कर किया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने “बोल बम” और “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ श्रद्धालुओं की सेवा का संकल्प लिया।
निरंजन केशव प्रिंस ने बताया कि यह सेवा शिविर पिछले छह वर्षों से लगातार संचालित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य कांवरियों को यात्रा के दौरान हर संभव सुविधा उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि कंपनी सामाजिक सरोकारों के प्रति सदैव प्रतिबद्ध रही है और भविष्य में भी जनहित के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाती रहेगी।
शिविर में श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क दवाइयों एवं प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही नींबू पानी, गर्म एवं ठंडा शुद्ध पेयजल, अल्पाहार तथा भोजन की भी निःशुल्क सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। कांवरियों के आराम के लिए विश्राम स्थल, स्नानघर और स्वच्छ शौचालय की व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों ने बताया कि पूरा शिविर श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा के लिए समर्पित रहेगा, ताकि उनकी यात्रा सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक बन सके।
बैधपुर कांवरिया पथ पर बैजनाथ निर्माण का निःशुल्क सेवा शिविर सफलतापूर्वक हुआ प्रारंभ
Written by Sanjay Kumar
Published on:







