बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। सोमवार को उप विकास आयुक्त शुभम कुमार की अध्यक्षता में जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तरीय तकनीकी और गैर तकनीकी पदाधिकारियों के साथ साप्ताहिक समन्वय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों की प्रगति की समीक्षा करते हुए जनसेवा को और प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि बिहार सरकार के सात निश्चय-3 के तहत “सबका सम्मान, जीवन आसान” लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार को सभी सरकारी कार्यालयों में आम लोगों की शिकायतों के समाधान हेतु अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें। शिकायतकर्ताओं से सम्मानपूर्वक मिलकर उनकी समस्याओं का त्वरित निपटारा सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
इसके साथ ही प्रत्येक माह के प्रथम एवं तृतीय मंगलवार को पंचायत स्तर पर सहयोग शिविर आयोजित करने और इसके लिए रोस्टर तैयार करने की बात कही गई। अधिकारियों को चेतावनी दी गई कि कार्यालयों में अनुपस्थित रहने से आम जनता को होने वाली असुविधा को गंभीरता से लें और इसे हर हाल में दूर करें।
बैठक में खनन, अवैध कारोबार, पीडीएस, आरटीपीएस और भूमि संबंधी मामलों में बिचौलियों की भूमिका पर रोक लगाने के लिए सघन छापेमारी अभियान चलाने का निर्देश दिया गया। लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और नियमित समीक्षा पर भी बल दिया गया।

शिक्षा और आईसीडीएस विभाग की सराहना करते हुए बताया गया कि “स्कूल चलो अभियान” के तहत 16 हजार से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित किया गया है। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि एक भी बच्चा छूटे नहीं तथा सभी को निःशुल्क पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही बच्चों की स्वास्थ्य जांच और जरूरतमंदों को चश्मा उपलब्ध कराने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।
स्वास्थ्य विभाग को अल्ट्रासाउंड, सिटी स्कैन और एक्स-रे जैसी सेवाओं को पूरी तरह क्रियाशील रखने का निर्देश दिया गया। गर्मी के मौसम में अगलगी की घटनाओं को रोकने के लिए अग्निशमन दल को अलर्ट मोड में रहने तथा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
कृषि विभाग को फसल क्षति का शीघ्र आकलन कर मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने तथा विद्युत विभाग को शॉर्ट सर्किट से होने वाली आग की घटनाओं को रोकने के उपाय करने के निर्देश दिए गए। प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना के तहत सोलर सिस्टम को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया गया।
इसके अलावा आपदा प्रबंधन, बाढ़ पूर्व तैयारी, सड़क दुर्घटना मुआवजा, मलमास मेला 2026 की तैयारियों सहित विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में सभी अधिकारियों को अपने दायित्वों का समय पर निर्वहन करने और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता देने का सख्त निर्देश दिया गया।







