मुख्यमंत्री सम्बल योजना के तहत 6 दिव्यांगजनों को मिली बैट्री चालित ट्राईसाइकिल, आत्मनिर्भरता की ओर बढ़े कदम

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अजीत कुमार
जहानाबाद (अपना नालंदा)। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण (सम्बल) योजना के तहत जहानाबाद जिले में दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। जिला प्रशासन की ओर से आयोजित कार्यक्रम में जिले के 06 दिव्यांग लाभार्थियों के बीच निःशुल्क बैट्री चालित ट्राईसाइकिल का वितरण किया गया। ट्राईसाइकिल का वितरण अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) जहानाबाद राजीव कुमार द्वारा किया गया।
इस अवसर पर अनुमंडल पदाधिकारी ने कहा कि बिहार सरकार दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास एवं उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए लगातार कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण (सम्बल) योजना का उद्देश्य दिव्यांग व्यक्तियों को आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है, ताकि वे शिक्षा, रोजगार और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय रूप से भागीदारी निभा सकें।
उन्होंने लाभार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि बैट्री चालित ट्राईसाइकिल उनके जीवन को अधिक सुगम बनाएगी। छात्र-छात्राएं इसका उपयोग विद्यालय एवं महाविद्यालय आने-जाने में कर अपनी शिक्षा को निर्बाध रूप से जारी रख सकेंगे। वहीं अन्य लाभार्थी स्वरोजगार, व्यवसाय अथवा विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकेंगे।
एसडीओ ने लाभार्थियों से ट्राईसाइकिल का सदुपयोग करने की अपील करते हुए कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य दिव्यांगजनों को सम्मानजनक जीवन जीने और आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि सरकार भविष्य में भी दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए विभिन्न योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन करती रहेगी।
उन्होंने योजना की पात्रता की जानकारी देते हुए बताया कि ऐसे दिव्यांगजन जिनकी चलंत दिव्यांगता 40 प्रतिशत या उससे अधिक हो, परिवार की वार्षिक आय 2 लाख रुपये से कम हो तथा आयु 18 वर्ष या उससे अधिक हो, वे इस योजना का लाभ प्राप्त कर सकते हैं। पात्र इच्छुक लाभार्थी समाज कल्याण विभाग के आधिकारिक पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर योजना का लाभ उठा सकते हैं।
कार्यक्रम के दौरान लाभार्थियों ने सरकार एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि बैट्री चालित ट्राईसाइकिल मिलने से उनकी दैनिक गतिविधियां पहले की अपेक्षा अधिक आसान हो जाएंगी और उन्हें शिक्षा, रोजगार तथा अन्य आवश्यक कार्यों के लिए आवागमन में सुविधा मिलेगी। मुख्यमंत्री सम्बल योजना दिव्यांगजनों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

Leave a Comment