संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। पाटलिपुत्र विश्वविद्यालय अंतर्गत स्नातक सत्र 2025-29 के सेमेस्टर-2 की परीक्षा नालंदा कॉलेज परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण, कदाचारमुक्त एवं सुव्यवस्थित वातावरण में सम्पन्न हुई। परीक्षा को लेकर विश्वविद्यालय प्रशासन के निर्देशानुसार सुरक्षा एवं अनुशासन के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
परीक्षा केंद्र के प्रवेश द्वार पर जिला प्रशासन के सहयोग से परीक्षार्थियों की सघन जांच की गई। जांच के बाद ही छात्रों को परीक्षा भवन में प्रवेश की अनुमति दी गई। परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया था, जिससे परीक्षा निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न हो सके।
केंद्राधीक्षक सह प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. सुनीता सिन्हा ने बताया कि विश्वविद्यालय के निर्देशानुसार परीक्षा को पूरी तरह कदाचारमुक्त वातावरण में संचालित किया गया। परीक्षा दो पालियों में आयोजित हुई, जिसमें कला, विज्ञान एवं वाणिज्य संकाय के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। परीक्षा संचालन को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में वीक्षक एवं कर्मचारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी।
उन्होंने बताया कि भीषण गर्मी को देखते हुए परीक्षार्थियों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था की गई थी। साथ ही प्रत्येक परीक्षा कक्ष में पर्याप्त रोशनी एवं पंखों की सुविधा उपलब्ध कराई गई थी, ताकि छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परीक्षा के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन पर प्राचार्य प्रो. सुनीता सिन्हा ने सभी शिक्षकों, कर्मचारियों तथा सुरक्षा कर्मियों के सहयोग की सराहना की।
नालंदा कॉलेज केंद्र पर शांतिपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई सेमेस्टर-2 परीक्षा
Written by Sanjay Kumar
Published on:







