राजगीर (अपना नालंदा)। भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के आयाम स्टूडेंट फॉर डेवलपमेंट (एसएफडी), राजगीर इकाई द्वारा पक्षियों के संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन के उद्देश्य से “दाना एवं पानी का सकोरा अभियान” चलाया गया। अभियान के तहत जंगलों तथा नगर के विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर पक्षियों के लिए दाना और पानी से भरे सकोरे रखे गए। साथ ही लोगों को अपने घरों, आंगनों, छतों, बगीचों एवं सार्वजनिक स्थानों पर भी पक्षियों के लिए दाना-पानी की व्यवस्था करने के लिए प्रेरित किया गया।
अभाविप कार्यकर्ताओं ने कहा कि पक्षियों की सुरक्षा और प्रकृति संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। गर्मी के मौसम में जल और भोजन की कमी के कारण बड़ी संख्या में पक्षियों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में एक छोटा प्रयास भी उनके जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। कार्यकर्ताओं ने “परिंदे बचेंगे, प्रकृति बचेगी, भविष्य संवरेगा” का संदेश देते हुए जन-जागरूकता अभियान भी चलाया।
अभाविप राजगीर नगर के सह मंत्री ने कहा कि पक्षियों का संरक्षण पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने नगरवासियों से अधिक से अधिक स्थानों पर सकोरे रखने और नियमित रूप से उनमें पानी एवं दाना भरने की अपील की।
इस अभियान में नगर प्रमुख शुभम सौरभ, रोहित कुमार, कॉलेज अध्यक्ष कुणाल राज, प्रतीक आनंद, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य मनीष आनंद, सचिन कुमार एवं गौरव कुमार सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई और लोगों को पक्षी संरक्षण के प्रति जागरूक किया।
भीषण गर्मी में पक्षियों की सुरक्षा हेतु सकोरा अभियान शुरू
Written by Sanjay Kumar
Published on:







