रोटरी क्लब ऑफ नालंदा का आठवां पदस्थापन समारोह संपन्न, नए नेतृत्व ने संभाली जिम्मेदारी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

स्थायी सकारात्मक प्रभाव छोड़ने का लिया संकल्प, उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों का हुआ सम्मान

संजय कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। रोटरी क्लब ऑफ नालंदा का आठवां पदस्थापन समारोह एवं जिला गवर्नर का आधिकारिक दौरा राजगीर स्थित होटल इंडो होक्के में भव्य संपन्न हो गय. समारोह में रोटरी जिला 3250 की जिला गवर्नर रोटेरियन अनु नारंग मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. जिला गवर्नर नामित रोटेरियन नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय कुमार विशिष्ट अतिथि तथा जोन 10 के सहायक गवर्नर रोटेरियन जोसेफ टी.टी. विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित थे.
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन और रोटरी प्रार्थना के साथ हुआ. इसके बाद निवर्तमान अध्यक्ष रोटेरियन डॉ. अवधेश कुमार तथा निवर्तमान सचिव रोटेरियन राजीव रंजन ने वर्ष 2025-26 के दौरान क्लब द्वारा किए गए सेवा कार्यों, सामाजिक योजनाओं और उपलब्धियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया. उन्होंने बताया कि क्लब ने सेवा, सामुदायिक विकास, रोटरी फाउंडेशन तथा सदस्यता विस्तार के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए हैं.प्रतिवेदन में बताया गया कि क्लब ने वर्ष 2025-26 में सात नए सदस्यों को जोड़ा, जिनमें चार महिलाएं शामिल हैं. इसे महिला सशक्तिकरण और संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया. मुख्य अतिथि अनु नारंग सहित सभी वरिष्ठ रोटेरियनों ने इस उपलब्धि की सराहना की.


समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले सदस्यों को सम्मानित भी किया गया. वर्ष का सर्वश्रेष्ठ रोटेरियन सम्मान रोटेरियन डॉ. अजीत कुमार सिंह को प्रदान किया गया, जबकि “वर्ष का उत्कृष्ट रोटेरियन” सम्मान रोटेरियन दिग्विजय नारायण सिंह को मिला. समारोह का सबसे भावुक क्षण पदभार हस्तांतरण रहा। निवर्तमान अध्यक्ष डॉ. अवधेश कुमार ने अध्यक्षीय दायित्व रोटेरियन गगन विरमानी को सौंपा वहीं निवर्तमान सचिव राजीव रंजन ने सचिव का दायित्व दिग्विजय नारायण सिंह को सौंपा.
नवनिर्वाचित सचिव दिग्विजय नारायण सिंह ने वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना प्रस्तुत की, जबकि नवनिर्वाचित अध्यक्ष गगन विरमानी ने समाज सेवा, जनकल्याण और स्थायी सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए नई योजनाओं पर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया.मुख्य अतिथि अनु नारंग, जिला गवर्नर नामित डॉ. अजय कुमार, सहायक गवर्नर जोसेफ टी.टी. तथा पूर्व जिला गवर्नर संदीप नारंग ने अपने संबोधन में सेवा, नेतृत्व और मानवीय मूल्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला.उन्होंने इस वर्ष के संदेश “स्थायी सकारात्मक प्रभाव का सृजन” को समाज के लिए प्रेरणादायी बताते हुए नए नेतृत्व को शुभकामनाएं दीं।
समारोह में रोटरी क्लब ऑफ नालंदा के सदस्य अपने परिवार के साथ उपस्थित रहे.इसके अलावा रोटरी क्लब बिहारशरीफ, तथागत, शेखपुरा सेंट्रल, राजगीर, नवादा, नवादा राजश्री तथा इनर व्हील क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों की उपस्थिति रही. कार्यक्रम के सफल आयोजन में राजीव रंजन ने आयोजन प्रभारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जबकि पूरे समारोह का प्रभावशाली संचालन डॉ. अजीत कुमार सिंह ने किया। अंत में आयोजित सामूहिक रात्रिभोज के साथ समारोह का समापन हुआ। इस अवसर पर सभी सदस्यों ने सेवा, समर्पण और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को आगे बढ़ाते हुए समाज में स्थायी सकारात्मक प्रभाव छोड़ने का संकल्प दोहराया।

Leave a Comment