थरथरी (अपना नालंदा)। प्रखंड मुख्यालय परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) द्वारा महंगाई, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था की बदहाली, भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को लेकर एकदिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने भाग लिया तथा सरकार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद की।
धरना कार्यक्रम की अध्यक्षता उपेंद्र कुमार ने की, जबकि संचालन पूर्व प्रमुख संजय पासवान ने किया। वक्ताओं ने विभिन्न जनसमस्याओं को उठाते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की और आम लोगों को हो रही परेशानियों पर चिंता जताई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुन्नीलाल यादव ने किसानों की समस्याओं, उर्वरक की उपलब्धता तथा डीजल की बढ़ती कीमतों का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई का सबसे अधिक असर किसानों और गरीब तबके पर पड़ रहा है। वहीं, पूर्व विधायक शक्ति सिंह यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था की स्थिति पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि आम जनता विभिन्न समस्याओं से जूझ रही है और सरकार इन मुद्दों के समाधान में विफल साबित हो रही है।
धरना में मुखिया शैलेंद्र यादव, पैक्स अध्यक्ष राजबल्लभ यादव, मनोज कुमार, बखोरी प्रसाद, बिंदेश्वर यादव बुंदेला, सत्येंद्र यादव, मिथिलेश यादव, सुनील प्रसाद, मुन्ना प्रसाद, अमरजीत कुमार, दुलारचंद यादव और पप्पू यादव सहित बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।
महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ राजद का जोरदार धरना
Written by Sanjay Kumar
Published on:







