मोहम्मद जियाउद्दीन
इस्लामपुर (अपना नालंदा)। महंगाई, बेरोजगारी, बदहाल शिक्षा व्यवस्था, कमजोर कानून-व्यवस्था तथा बढ़ते भ्रष्टाचार के विरोध में मंगलवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने राज्यव्यापी कार्यक्रम के तहत इस्लामपुर प्रखंड मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया। धरने में बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय लोगों ने भाग लेकर विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान की मांग उठाई।
धरना को संबोधित करते हुए इस्लामपुर विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक राकेश कुमार रौशन ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी ने आम लोगों का जीवन कठिन बना दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था बदहाल हो चुकी है और कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर होती जा रही है। साथ ही भ्रष्टाचार के कारण आम नागरिकों को विभिन्न सरकारी कार्यों में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान में विफल साबित हुई है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है, किसानों और मजदूरों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है तथा आम लोग लगातार महंगाई की मार झेल रहे हैं। उन्होंने सरकार से जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से विचार कर ठोस कदम उठाने की मांग की।
धरना के दौरान अन्य वक्ताओं ने भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और कानून-व्यवस्था से जुड़े मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। कार्यक्रम के अंत में कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
धरना शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। कार्यक्रम को राजद प्रखंड अध्यक्ष मो. इशराइल उर्फ बर्बाद सिंह, नगर अध्यक्ष उपेंद्र यादव, युगेश्वर प्रसाद सिंह, रंजीत यादव, बिजेंद्र प्रसाद, बब्लू यादव, शोभी यादव, रामबचन प्रसाद यादव और सत्येंद्र नारायण यादव सहित कई नेताओं ने संबोधित किया।
जनसमस्याओं को लेकर राजद का धरना, सरकार पर साधा निशाना
Written by Sanjay Kumar
Published on:







