महंगाई, बेरोजगारी और अपराध के खिलाफ हरनौत में राजद का प्रदर्शन

Written by Sanjay Kumar

Published on:

हरनौत (अपना नालंदा)। प्रदेश राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के आह्वान पर मंगलवार को हरनौत प्रखंड मुख्यालय में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और बढ़ते अपराध के विरोध में एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राजद प्रखंड अध्यक्ष संजीत कुमार उर्फ राय जी ने की। उन्होंने कहा कि यह राजद का राज्यव्यापी आंदोलन है, जिसके तहत प्रखंड मुख्यालयों पर धरना दिया जा रहा है, जबकि 17 जून को जिला स्तर पर आंदोलन आयोजित किया जाएगा।
भीषण गर्मी के बावजूद बड़ी संख्या में राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने धरना में भाग लेकर राज्य एवं केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ आवाज बुलंद की। संजीत कुमार ने आरोप लगाया कि बिहार में अपराध की घटनाओं में लगातार वृद्धि हो रही है और हत्या, लूट तथा अन्य आपराधिक मामलों से आम जनता भयभीत है। उन्होंने कहा कि रसोई गैस, खाद्य पदार्थों, उर्वरकों तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग की परेशानी बढ़ा दी है।

वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था बदहाल है, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा है और बेरोजगारी के कारण युवा निराशा का सामना कर रहे हैं। साथ ही सरकारी तंत्र में बढ़ते भ्रष्टाचार और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर भी चिंता व्यक्त की गई। नेताओं ने किसानों, मजदूरों और युवाओं की समस्याओं के समाधान के लिए सरकार से ठोस कदम उठाने की मांग की।
धरना-प्रदर्शन में राजद उपाध्यक्ष मोहन सिंह, पार्षद प्रतिनिधि मिथिलेश कुमार, विनोद यादव, सुनील राम, राकेश कुमार, बुधन राम, राजपाल यादव, सनोज यादव, पालकी दास, बाल्मीकि यादव, शोभा पासवान, छोटे लाल यादव, रोहित कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Comment