कुर्जी मोड़ का नाम शहीद निलेश मुखिया चौक करने का प्रस्ताव पारित

Written by Sanjay Kumar

Published on:

अखिलेंद्र कुमार

पटना (अपना नालंदा)। वार्ड संख्या 22/बी में रविवार को आयोजित जनसभा में कुर्जी मोड़, दीघा का नाम परिवर्तित कर ‘शहीद निलेश मुखिया चौक’ किए जाने का प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किया गया। सभा की अध्यक्षता अजय कुमार उर्फ बैद्यनाथ यादव ने की। इसमें क्षेत्र के आमजन, सामाजिक कार्यकर्ता, बुद्धिजीवी, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में शामिल हुए।

बैठक का मुख्य उद्देश्य समाजसेवी एवं राजनीतिक कर्मयोगी स्वर्गीय निलेश प्रसाद उर्फ निलेश मुखिया की स्मृति एवं सामाजिक योगदान के सम्मान में कुर्जी मोड़ का नामकरण उनके नाम पर करने पर विचार करना था। इस संबंध में प्रो. राकेश रंजन ने मुख्य प्रस्तावक के रूप में प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय निलेश मुखिया ने समाज सेवा, जनहित और क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर कार्य किया। आम लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता और सामाजिक योगदान को देखते हुए उनके नाम पर चौक का नामकरण करना उचित और सार्थक होगा।

प्रस्ताव पर मौजूद लोगों के बीच विस्तार से चर्चा हुई। सभी ने स्वर्गीय निलेश मुखिया के व्यक्तित्व, सामाजिक सरोकार और जनसेवा के कार्यों को याद करते हुए नामकरण का समर्थन किया। चर्चा के बाद प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया।

सभा अध्यक्ष अजय कुमार उर्फ बैद्यनाथ यादव ने कहा कि स्वर्गीय निलेश मुखिया समाज के लिए अनमोल धरोहर हैं। मुख्य प्रस्तावक प्रो. राकेश रंजन ने उपस्थित लोगों का आभार जताया और उम्मीद व्यक्त की कि संबंधित प्रशासनिक एवं सरकारी स्तर पर प्रस्ताव पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई होगी।

Leave a Comment