जिला शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय ने 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण
अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ(अपना नालंदा)। जिला शिक्षा पदाधिकारी, नालंदा कार्यालय की स्थापना शाखा द्वारा उच्च माध्यमिक विद्यालय दोसुत, रहुई की प्रधानाध्यापिका पुनम सिन्हा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। ई-शिक्षाकोष ऐप पर दर्ज उपस्थिति में अनियमितता पाए जाने के बाद यह कार्रवाई की गई है।

जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (स्थापना), नालंदा की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि विभागीय निर्देशानुसार जिले के सभी प्रधानाध्यापकों एवं शिक्षकों को प्रतिदिन ई-शिक्षाकोष ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होती है। विभाग द्वारा समय-समय पर इसकी समीक्षा भी की जाती है।
विभागीय समीक्षा के दौरान अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 तक की उपस्थिति की जांच में पाया गया कि प्रधानाध्यापिका कई दिनों तक विद्यालय में उपस्थिति दर्ज किए बिना अनुपस्थित रहीं। वहीं कई दिनों में उपस्थिति विलंब से अथवा अनियमित रूप से दर्ज की गई। इसके अलावा विद्यालय छोड़ने का आउट टाइम भी कई अवसरों पर दर्ज नहीं पाया गया।
पत्र में कहा गया है कि इस प्रकार की कार्यशैली से विद्यालय को मनमाने ढंग से संचालित करने, छात्र-छात्राओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने तथा बिना उपस्थिति के वेतन के रूप में सरकारी राशि के दुरुपयोग का मामला परिलक्षित होता है।
शिक्षा विभाग ने प्रधानाध्यापिका से पूछा है कि उनके विरुद्ध सरकारी राशि के दुरुपयोग एवं विद्यालय संचालन में लापरवाही के आरोप में अनुशासनिक कार्रवाई शुरू करने हेतु उच्चाधिकारियों को प्रतिवेदन क्यों नहीं भेजा जाए। साथ ही उन्हें पत्र प्राप्ति के 24 घंटे के भीतर अपना स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।







