अखिलेंद्र कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। पुलिस अधीक्षक, नालंदा के निर्देश पर जिले में अवैध आग्नेयास्त्रों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दीपनगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक युवक को अवैध देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, दीपनगर थाना क्षेत्र के कंचनपुर गांव स्थित कीनचीनीया पुल के पास एक व्यक्ति के अवैध हथियार लेकर मौजूद रहने की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने उसका सत्यापन किया। सूचना सही पाए जाने पर पुलिस टीम ने विधिवत छापेमारी कर मौके से एक व्यक्ति को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक अवैध देसी कट्टा और आठ जिंदा कारतूस बरामद किए गए।

गिरफ्तार युवक की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के बेरौटी गांव निवासी दीपक कुमार (35 वर्ष) के रूप में हुई है। वह सत्येंद्र सिंह का पुत्र बताया गया है।
पुलिस ने अवैध हथियार एवं कारतूस को जब्त कर लिया है। इस मामले में दीपनगर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ कर अवैध हथियार रखने के कारणों तथा हथियार और कारतूस की आपूर्ति के स्रोत का पता लगाने में जुटी है। मामले में अग्रतर कार्रवाई की जा रही है।







