पाइपलाइन रिसाव से सड़क पर संकट, ग्रामीणों में बढ़ी नाराजगी

Written by Sanjay Kumar

Published on:

थरथरी (अपना नालंदा)। प्रखंड मुख्यालय स्थित हिलसा-नूरसराय मुख्य मार्ग पर पीएचईडी विभाग की कथित लापरवाही से हाल ही में मरम्मत की गई सड़क के फिर से क्षतिग्रस्त होने की आशंका बढ़ गई है। पाइपलाइन में लगातार हो रहे जल रिसाव के कारण सड़क पर पानी बह रहा है, जिससे नई सड़क की गुणवत्ता पर भी सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार नल-जल योजना की पाइपलाइन में कई दिनों से रिसाव हो रहा है। इसके कारण सड़क पर लगातार पानी जमा हो रहा है और आसपास के घरों तक पर्याप्त मात्रा में पेयजल भी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या से आम लोगों को दोहरी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वार्ड सदस्य ने बताया कि पाइपलाइन की मरम्मत कराने के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को सूचना दी गई है, लेकिन करीब 15 दिन बीत जाने के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सड़क की मरम्मत तो कर दी गई, लेकिन जल रिसाव रोकने की दिशा में विभाग गंभीर नहीं दिख रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क के एक हिस्से की मरम्मत पूरी हो चुकी है, जबकि दूसरी ओर पानी लगातार बह रहा है। इससे सड़क की सतह कमजोर हो रही है और भविष्य में इसके टूटने की आशंका बढ़ गई है। राहगीरों और वाहन चालकों को भी आवागमन में परेशानी हो रही है।
ग्रामीणों ने पीएचईडी विभाग से अविलंब पाइपलाइन की मरम्मत कर जल रिसाव रोकने की मांग की है। उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो सड़क दोबारा खराब हो जाएगी और सरकारी धन की बर्बादी होगी।

Leave a Comment