अस्पताल मोड़ पर चला स्वच्छता अभियान, अब्दुलबारी नगर भवन में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम, आशा कार्यकर्ताओं का हुआ सम्मान
अजीत कुमार
जहानाबाद (अजीत कुमार)। जहानाबाद जिले के 40वें जिला स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे जिले में उत्सव का माहौल देखने को मिला। इस वर्ष स्थापना दिवस का आयोजन “सम्मान” थीम पर किया गया, जिसके तहत स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और समाज के विभिन्न वर्गों के सम्मान को केंद्र में रखते हुए कई कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिला प्रशासन ने इस अवसर को जनभागीदारी का उत्सव बनाने के लिए दिनभर विविध गतिविधियों का आयोजन किया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, विद्यार्थियों, कलाकारों तथा आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकाल जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में विशेष स्वच्छता अभियान से हुई। इस अभियान में पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार, अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिंह सहित जिला प्रशासन के कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। अस्पताल मोड़ एवं आसपास के क्षेत्रों में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। इसके साथ ही पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिकारियों ने पौधारोपण भी किया और जिलेवासियों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने की अपील की।
इसके बाद अब्दुलबारी नगर भवन में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, बिहार विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, मखदुमपुर विधायक सुबेदार दास, जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया तथा पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार सहित अन्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यक्रम की शुरुआत छात्र-छात्राओं द्वारा प्रस्तुत स्वागत गीत से हुई, जिसने उपस्थित अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। सभी विशिष्ट अतिथियों का स्वागत पौधा एवं विश्व धरोहर बराबर गुफाओं के प्रतीक-चिह्न भेंट कर किया गया। यह सम्मान जिले की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक विरासत को दर्शाने वाला विशेष आकर्षण रहा।
सांस्कृतिक संध्या में जिले के विभिन्न विद्यालयों एवं सांस्कृतिक संस्थानों के विद्यार्थियों और कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से कार्यक्रम को यादगार बना दिया। The Wings Foundation School, Jehanabad के बच्चों ने “जिया-जिया हो बिहार के लाला हो” गीत पर मनमोहक प्रस्तुति देकर खूब तालियां बटोरीं। प्रिंस डांस अकादमी के कलाकारों ने भक्ति गीत “राम सिया राम” पर समूह नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि एन.बी. किड्स स्कूल के विद्यार्थियों ने “दिल है छोटा-सा” गीत पर आकर्षक समूह नृत्य कर दर्शकों का दिल जीत लिया। प्रत्येक प्रस्तुति में बिहार की संस्कृति, देशभक्ति, सामाजिक समरसता और प्रतिभा की झलक दिखाई दी।
कार्यक्रम के दौरान समाज में उत्कृष्ट योगदान देने वाली आशा कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति-पत्र एवं स्मृति-चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उनके स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान की सराहना करते हुए उन्हें समाज की महत्वपूर्ण शक्ति बताया गया।
अपने संबोधन में सांसद डॉ. सुरेंद्र प्रसाद यादव, विधान परिषद सदस्य अनिल कुमार, विधायक सुबेदार दास तथा अन्य जनप्रतिनिधियों ने जिलेवासियों को 40वें जिला स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जहानाबाद अपनी ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और सामाजिक विरासत के लिए पूरे बिहार में विशेष पहचान रखता है। इस विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास की यात्रा को और गति देने के लिए सभी को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने प्रशासन द्वारा “सम्मान” थीम पर आयोजित कार्यक्रमों की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक संदेश देने वाला आयोजन बताया।
जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने कहा कि स्थापना दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि जिले के गौरवशाली इतिहास, सांस्कृतिक धरोहर और विकास की उपलब्धियों को याद करने का भी दिन है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सक्रिय भागीदारी की अपील की।
कार्यक्रम में जिला एवं पुलिस प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, कलाकार, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में जिलेवासी उपस्थित रहे। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह, अनुशासन और जनभागीदारी का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने जहानाबाद के 40वें जिला स्थापना दिवस को यादगार बना दिया।







