चितरंजन कुमार
चंडी (अपना नालंदा)। चंडी प्रखंड अंतर्गत बेलक्षी पंचायत में शुक्रवार को आयोजित विशेष बैठक में उप मुखिया के विरुद्ध लाया गया अविश्वास प्रस्ताव बहुमत से पारित हो गया। इसके साथ ही उप मुखिया का पद रिक्त घोषित कर दिया गया है। पंचायत में हुए इस घटनाक्रम के बाद स्थानीय राजनीति में सरगर्मी बढ़ गई है और अब सभी की निगाहें नए उप मुखिया के चुनाव पर टिकी हैं।
जानकारी के अनुसार राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशों के आलोक में सामुदायिक भवन कल्याणपुर बाली में पंचायत कार्यकारिणी की विशेष बैठक बुलाई गई थी। बैठक में उप मुखिया की अनुपस्थिति के कारण वार्ड सदस्य लाला जमादार ने अध्यक्षता की। पंचायत सचिव राजकुमार पासवान की देखरेख में गुप्त मतदान के माध्यम से अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया।
मतदान प्रक्रिया के दौरान कुल आठ सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया। वहीं विरोधी पक्ष के सदस्यों ने बैठक का बहिष्कार करते हुए मतदान प्रक्रिया में भाग नहीं लिया। मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ।
पूरी प्रक्रिया की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए अंचलाधिकारी मो. नोमान एवं प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी सुमित कुमार को दंडाधिकारी के रूप में प्रतिनियुक्त किया गया था। दोनों अधिकारियों की मौजूदगी में मतदान और मतगणना की प्रक्रिया पूरी की गई।
पंचायत सचिव राजकुमार पासवान ने बताया कि आवश्यक बहुमत मिलने के बाद अविश्वास प्रस्ताव पारित माना गया है। इसके साथ ही उप मुखिया का पद रिक्त हो गया है। संबंधित प्रतिवेदन वरीय अधिकारियों को भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित नियमों के अनुसार शीघ्र ही नए उप मुखिया के निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी।
अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन करने वाले वार्ड सदस्यों का आरोप है कि उप मुखिया पंचायत के विकास कार्यों के संचालन, जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय स्थापित करने तथा पंचायत की विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन में अपेक्षित भूमिका निभाने में असफल रहे। इसी कारण उनके खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने का निर्णय लिया गया।
इस घटनाक्रम के बाद पंचायत क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। पंचायतवासियों के बीच अब यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि अगला उप मुखिया कौन होगा और पंचायत की राजनीतिक दिशा किस ओर जाएगी।
बेलक्षी पंचायत के उप मुखिया के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पारित, 8 मतों से गई कुर्सी
Written by Sanjay Kumar
Published on:







