संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। नालंदा पुलिस ने नीट परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाले एक अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए एमबीबीएस के एक छात्र समेत तीन जालसाजों को गिरफ्तार किया है। यह सफलता 3 मई को आयोजित नीट परीक्षा के मद्देनजर चलाए जा रहे विशेष रोको-टोको और वाहन जांच अभियान के दौरान मिली। पुलिस ने आरोपियों के पास से 2 लाख 95 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन तथा स्कॉर्पियो और ब्रेजा जैसी दो लग्जरी गाड़ियां बरामद की हैं।
राजगीर डीएसपी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 2 मई की देर रात पावापुरी मोड़ के पास जांच के दौरान दो संदिग्ध वाहन भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ा गया। स्कॉर्पियो चला रहे अवधेश कुमार (31) की पहचान विम्स कॉलेज के एमबीबीएस छात्र के रूप में हुई। तलाशी में गाड़ी से नकदी बरामद हुई। मोबाइल जांच में नीट समेत अन्य परीक्षाओं के एडमिट कार्ड, अभ्यर्थियों से चैट और लेन-देन के साक्ष्य मिले।

गिरफ्तार आरोपियों में मुजफ्फरपुर के अवधेश कुमार व पंकज कुमार साह तथा मोतिहारी के अमन कुमार सिंह शामिल हैं। पूछताछ में गिरोह का मास्टरमाइंड उज्जवल उर्फ राजा बाबू सामने आया, जो पावापुरी मेडिकल कॉलेज का छात्र है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
पुलिस की कार्रवाई से सॉल्वर परीक्षा केंद्रों तक नहीं पहुंच सके और बड़ी साजिश विफल हो गई। मामले में पावापुरी थाना में प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी गई है।







