संजय कुमार
बिहारशरीफ (अपना नालंदा)। पटना में 9 एवं 10 मई को आयोजित राज्य स्तरीय सब जूनियर, कैडेट एवं जूनियर कराटे प्रतियोगिता में नालंदा जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 19 पदक जीतकर जिले का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में बिहार के विभिन्न जिलों से करीब 650 खिलाड़ियों ने भाग लिया था। नालंदा का प्रतिनिधित्व करते हुए एकेडमी ऑफ मार्शल आर्ट एंड स्पोर्ट्स जोन के 20 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया और अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सभी का ध्यान आकर्षित किया।
प्रतियोगिता में नालंदा टीम ने कुल 6 स्वर्ण, 4 रजत और 9 कांस्य पदक अपने नाम किए। खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन से जिले में खुशी का माहौल है।
प्रतियोगिता की सबसे बड़ी उपलब्धि मुस्कान कुमारी के नाम रही। उन्होंने जूनियर वर्ग के एकल काता और -48 किलोग्राम भार वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण पदक जीतकर नालंदा का गौरव बढ़ाया। इसके अलावा आरुष राज, मुदित शौर्य, मयंक कुमार गुप्ता और दीपक राज ने भी अपने-अपने वर्गों में स्वर्ण पदक हासिल किए।
रजत पदक जीतने वालों में दिव्यांशु राज, कुमारी तृप्ति, सृष्टि कुमारी एवं अपूर्वा रानी शामिल रहीं। वहीं कांस्य पदक विजेताओं में अंकित कुमार, आरुष राज, दिव्यांश बसु, शुभम राज, वैभव आनंद, हंसिका रानी और हनी सिंह ने बेहतर प्रदर्शन कर जिले को गौरवान्वित किया।

इस अवसर पर एकेडमी के संस्थापक एवं मुख्य प्रशिक्षक सह अंतरराष्ट्रीय रेफरी राकेश राज ने खिलाड़ियों की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की कठिन मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का चयन आगामी 3 से 7 जून 2026 तक देहरादून में आयोजित राष्ट्रीय कराटे प्रतियोगिता के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता में ऋषिकेश कुमार और निशांत कुमार ने नालंदा जिला टीम के कोच की भूमिका निभाई। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर पेंचक सिलाट एसोसिएशन ऑफ नालंदा के अध्यक्ष डॉ. रविचंद्र कुमार, एकेडमी निदेशक संजय कुशवाहा, न्यूरोसर्जन डॉ. राजीव कुमार रंजन, ऑर्थो सर्जन डॉ. निर्जल नाथ, वरीय खिलाड़ी संध्या रानी एवं अंकिता राज सहित कई गणमान्य लोगों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।







